September 5, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

श्मशान घाट की पार्किंग में नशे का खेल: 710 नशीली टैबलेट के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, ASP टीम की घेराबंदी में खुला रैकेट

राजधानी रायपुर में नशे के अवैध कारोबार पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन तस्करों को गिरफ्तार किया है। मामला गोबरा नवापारा थाना क्षेत्र का है, जहां श्मशान घाट के पास पार्किंग में खड़ी एक कार से 710 प्रतिबंधित नशीली टैबलेट (नाइट्राजेपाम) बरामद की गईं। कार्रवाई ASP के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने घेराबंदी कर अंजाम दी।

पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि कुछ युवक चारपहिया वाहन में नशीली गोलियां लेकर ग्राहकों का इंतजार कर रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद टीम ने योजनाबद्ध तरीके से मौके पर दबिश दी और संदिग्ध कार को घेर लिया। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नशीली टैबलेट बरामद होने पर तीनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम आशीष निर्मलकर, अरमान अहमद और किशोर यादव उर्फ पप्पू बताए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी धमतरी-कुरूद क्षेत्र से नशीली गोलियां लाकर रायपुर में बेचने की फिराक में थे। वे श्मशान घाट की पार्किंग जैसे सुनसान स्थान को डिलीवरी प्वाइंट बनाकर ग्राहकों को सप्लाई करने की योजना पर काम कर रहे थे।

बरामदगी के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक्स एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। साथ ही जब्त कार को भी कब्जे में लेकर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और नशीली दवाओं की सप्लाई किन इलाकों में की जा रही थी।

अधिकारियों का कहना है कि राजधानी में नशे के कारोबार पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जा रही है। आने वाले दिनों में इस रैकेट से जुड़े अन्य लोगों की गिरफ्तारी भी संभव है। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि नशे से जुड़े किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।

Related posts

चिराग पासवान का बड़ा बयान: “नीतीश कुमार ही रहेंगे बिहार के मुख्यमंत्री”, चुनाव लड़ने के संकेत भी दिए

admin

भूपेश बघेल के पूर्व PA के.के. श्रीवास्तव के ठिकानों पर ED की दबिश

admin

“पढ़ाई का सपना दिखाकर बनाया नौकरानी, पुलिसकर्मियों ने की नाबालिगों से हैवानियत”

admin

Leave a Comment