रायपुर में विदेशी नागरिकों की गतिविधियों को लेकर पुलिस की सतर्कता एक बार फिर सामने आई है। तेलीबांधा थाना क्षेत्र में लंबे समय से रह रहीं दो विदेशी युवतियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों युवतियां उज्बेकिस्तान की नागरिक हैं और वीजा अवधि समाप्त होने के बावजूद भारत में रह रही थीं। यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों विदेशी महिलाएं बीते कई वर्षों से रायपुर में निवास कर रही थीं। हालांकि, उनके भारत में प्रवेश और वर्तमान निवास की वैधता को लेकर संदेह जताया गया था। सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को हिरासत में लिया और थाने लाकर पूछताछ शुरू की। इस पूरे मामले में वरिष्ठ IPS और CSP स्तर के अधिकारी भी जांच में शामिल हैं।
जांच के दौरान पुलिस ने दोनों युवतियों के पासपोर्ट, वीजा और अन्य पहचान से जुड़े दस्तावेज जब्त कर लिए हैं। दस्तावेजों की वैधता की पुष्टि के लिए संबंधित एजेंसियों और विदेशी पंजीकरण कार्यालय (FRRO) से संपर्क किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर इमिग्रेशन विभाग को भी पूरे मामले की जानकारी दी जाएगी।
पुलिस का कहना है कि फिलहाल दोनों महिलाओं से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि वे किस उद्देश्य से रायपुर में रह रही थीं और क्या उन्होंने वीजा नियमों का उल्लंघन किया है। यदि जांच में वीजा शर्तों के उल्लंघन की पुष्टि होती है, तो विदेशी नागरिक अधिनियम के तहत उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल दोनों विदेशी युवतियां पुलिस हिरासत में हैं और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। यह मामला एक बार फिर यह संकेत देता है कि वीजा नियमों और विदेशी नागरिकों की गतिविधियों पर प्रशासन अब किसी भी तरह की ढिलाई के मूड में नहीं है।
