रायपुर। होली पर्व के अवसर पर राजधानी स्थित पं. जवाहरलाल नेहरू स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल (मेकाहारा) में 4 मार्च को ओपीडी सेवाएं बंद रहेंगी। हालांकि अस्पताल प्रबंधन ने स्पष्ट किया है कि आपातकालीन सेवाएं पूरी तरह संचालित रहेंगी और मरीजों के उपचार में किसी प्रकार की बाधा नहीं आएगी।
त्योहार के दौरान संभावित दुर्घटनाओं और आकस्मिक स्वास्थ्य समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अस्पताल प्रशासन ने इमरजेंसी विभाग में अतिरिक्त स्टाफ की तैनाती की है। गंभीर मरीजों के लिए ट्रॉमा, सर्जरी और अन्य आवश्यक विभाग अलर्ट मोड पर रहेंगे।
इधर, यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए रायपुर समेत प्रदेश के सात प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर अस्थायी हेल्थ पोस्ट स्थापित किए गए हैं। ये हेल्थ पोस्ट 7 मार्च तक 24 घंटे संचालित रहेंगे। यहां प्राथमिक उपचार, दवाइयां और जरूरत पड़ने पर तत्काल रेफरल की व्यवस्था की गई है।
स्वास्थ्य विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि होली के दौरान सावधानी बरतें, सुरक्षित तरीके से त्योहार मनाएं और किसी भी आपात स्थिति में तत्काल नजदीकी हेल्थ पोस्ट या अस्पताल की इमरजेंसी सेवा का लाभ लें।
त्योहार के मद्देनजर स्वास्थ्य विभाग की यह तैयारी लोगों को त्वरित चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने की दिशा में अहम कदम मानी जा रही है।
