32.4 C
Raipur
June 5, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर दर्दनाक हादसा: ढलान में ब्रेक फेल होने से स्कूल बस खाई में पलटी, 10 की मौत

छत्तीसगढ़–झारखंड सीमा पर रविवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों से भरे सफर को मातम में बदल दिया। झारखंड के लातेहार जिले के महुआडांड़ थाना क्षेत्र अंतर्गत ओरसा बंगलादार घाट में एक स्कूल बस अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पलट गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक 10 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 78 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। घायलों में 19 की हालत गंभीर बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के विभिन्न गांवों—पीपरसोत, महाराजगंज, झापर और बुद्धडीह—से सवारियों को लेकर झारखंड के लोढ़ाफाल सगाई समारोह में शामिल होने जा रही थी। बस में कुल 86 लोग सवार थे। ओरसा घाट की तीखी ढलान पर पहुंचते ही बस का ब्रेक अचानक फेल हो गया, जिससे चालक का वाहन पर से नियंत्रण खत्म हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तेज रफ्तार बस पहले रोड सेफ्टी गार्ड को तोड़ती हुई एक पेड़ से टकराई और फिर करीब 20 फीट नीचे सड़क पर पलट गई। हादसे की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कई यात्री बस के अंदर सीटों और लोहे के ढांचे के बीच फंस गए, जबकि कुछ लोग उछलकर सड़क किनारे जा गिरे।

हादसे के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों ने राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। महुआडांड़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को एंबुलेंस की मदद से नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। गंभीर रूप से घायलों को गुमला, लातेहार, अंबिकापुर और रांची के अस्पतालों में रेफर किया गया।

बस चालक विकास पाठक ने बताया कि हादसे से कुछ समय पहले ही उन्हें ब्रेक काम न करने का अहसास हुआ था। स्थिति को संभालने के लिए उन्होंने हैंड ब्रेक का इस्तेमाल किया और इंजन भी बंद किया, लेकिन ढलान अधिक होने के कारण बस बेकाबू हो गई।

इस हादसे में मौके पर 5 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि इलाज के दौरान 4 अन्य ने दम तोड़ दिया। बाद में बलरामपुर निवासी परसू राम सोनवानी की भी इलाज के दौरान मौत हो गई, जिससे मृतकों की संख्या बढ़कर 10 हो गई। मृतकों में 5 महिलाएं और 5 पुरुष शामिल हैं।

घटना के बाद प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। इस दुर्घटना ने एक बार फिर पहाड़ी और ढलानी क्षेत्रों में वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Related posts

छत्तीसगढ़ में धान खरीदी की शुरुआत पर संकट गहराया: टोकन ऐप ठप

admin

बेमेतरा में भाजपा विधायक खुशवंत साहेब की कार पर हमला, पत्थरबाज़ी से टूटा शीशा, विधायक सुरक्षित

admin

बिलासपुर में पुलिस ग्राउंड में गूंजे देशभक्ति के तराने, डिप्टी सीएम अरुण साव ने फहराया तिरंगा

admin

Leave a Comment