रायपुर राजधानी रायपुर और आसपास के क्षेत्रों में होली के रंगों की खुमारी साफ दिखाई देने लगी है। गली-मोहल्लों में बच्चे, युवा और परिवार सुबह से ही गुलाल और रंगों के साथ होली का आनंद लेते नजर आ रहे हैं। डीजे की धुन, ढोल-नगाड़ों की थाप और आपसी भाईचारे के माहौल के बीच लोग एक-दूसरे को रंग लगाकर त्योहार की शुभकामनाएं दे रहे हैं। कई लोग इस खास मौके की यादों को सहेजने के लिए सेल्फी और ग्रुप फोटो लेकर सोशल मीडिया पर साझा भी कर रहे हैं, वहीं घरों में मिठाइयों के साथ त्योहार की खुशियां बांटी जा रही हैं।
इधर, त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है। होली से दो दिन पहले रायपुर कलेक्टोरेट के टाउन हॉल में जिला प्रशासन और पुलिस विभाग की संयुक्त शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न समाजों के प्रमुख नागरिकों को आमंत्रित किया गया और सभी से आपसी भाईचारे तथा सौहार्द के साथ त्योहार मनाने की अपील की गई।
पुलिस प्रशासन ने होली के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए ‘फूलप्रूफ’ प्लान तैयार किया है। शहर के संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों के जरिए निगरानी रखी जाएगी, जिससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या उपद्रव की स्थिति पर तुरंत कार्रवाई की जा सके। ड्रोन से मिलने वाली लाइव जानकारी कंट्रोल रूम तक भेजी जाएगी, जिससे पुलिस तुरंत प्रतिक्रिया दे सके।
रायपुर पुलिस ने शहर को तीन हिस्सों में बांटकर सुरक्षा व्यवस्था की रणनीति बनाई है। किसी भी विवाद या सूचना मिलने पर पांच मिनट के भीतर पुलिस बल मौके पर पहुंचेगा और नियमानुसार कार्रवाई करेगा। इसके अलावा त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3000 से अधिक पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है, जो लगातार ड्यूटी पर रहेंगे।
साथ ही पुलिस की ड्रिंक एंड ड्राइव अभियान के तहत विशेष चेकिंग भी की जाएगी। ट्रिपल राइडिंग और नशे में वाहन चलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी ताकि त्योहार के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो और सभी लोग सुरक्षित माहौल में होली का आनंद ले सकें।
