छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन क्षेत्र में मंगलवार शाम करीब 6 बजे 25 हाथियों का दल जंगल से निकलकर सड़क पार करने पहुंचा। हाथियों की सुरक्षित आवाजाही के लिए वन विभाग ने कुछ समय तक दोनों ओर का ट्रैफिक रोक दिया। इस दौरान लोगों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने और हाथियों के पास नहीं जाने की अपील की गई।
वन विभाग के अनुसार, हाथियों के दल में नर, मादा और शावक भी शामिल थे। दल सुरक्षित रूप से सड़क पार कर पानीखेता और पाकादरहा के जंगल की ओर चला गया। आसपास के प्रभावित गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सतर्क रहने और अकेले जंगल में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
