छत्तीसगढ़ के बस्तर क्षेत्र में आत्मसमर्पण कर चुके 8 पूर्व नक्सलियों ने 10वीं की परीक्षा सफलतापूर्वक पास की है। इनमें बस्तर, कांकेर और बीजापुर के पूर्व नक्सली शामिल हैं। पढ़ाई के जरिए मुख्यधारा से जुड़ने की उनकी यह कोशिश अब सफलता में बदल रही है।
इनमें पूर्व नक्सली कमांडर भास्कर और महाराष्ट्र की गीता नारोटे ने प्रथम श्रेणी में परीक्षा पास की। गीता ने 6वीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी, लेकिन आत्मसमर्पण के बाद दोबारा शिक्षा शुरू की और 35 साल की उम्र में 10वीं प्रथम श्रेणी से उत्तीर्ण की। अब उनका सपना आगे पढ़कर नर्स बनने का है। सरकार की ओर से इन्हें शिक्षा के साथ रोजगार और स्वरोजगार के अवसरों से भी जोड़ा जा रहा है।
