छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले में तीन तलाक से जुड़ा एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस मामले में एक व्यक्ति ने अपनी पहली पत्नी को मोबाइल फोन पर तीन बार “तलाक” बोलकर तलाक दे दिया। मामला तब तूल पकड़ गया जब पीड़िता के परिवार ने इसे लेकर कांकेर थाने में शिकायत दर्ज कराई। यह घटना केवल पारिवारिक विवाद नहीं रही, बल्कि अब यह कानून और सामाजिक चेतना का मामला बन गया है।
गरियाबंद निवासी इरफान वारसी की शादी 2017 में कांकेर की एक मुस्लिम महिला से हुई थी। प्रारंभ में सब कुछ सामान्य था, लेकिन कुछ समय बाद इरफान का एक अन्य महिला से प्रेम-प्रसंग शुरू हो गया। इस अफेयर की भनक जब पहली पत्नी को लगी तो दोनों के बीच अक्सर झगड़े होने लगे। बाद में इरफान ने अपनी प्रेमिका से विवाह भी कर लिया और उसे अपने घर ले आया, जिससे विवाद और गहरा गया।
इसी बीच 20 जून 2025 को इरफान ने अपनी पहली पत्नी को फोन कर तीन बार “तलाक” कहकर शादी खत्म करने की घोषणा कर दी। उस समय महिला का भाई सऊदी अरब में हज यात्रा पर था। महिला ने यह पूरी बात अपने भाई को बताई, जिसने सऊदी से ही इरफान को फोन करके समझाने की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकला।
हज से लौटने के बाद महिला का भाई कांकेर के मुस्लिम समाज के कुछ लोगों के साथ कोतवाली थाना पहुंचा और आरोपी इरफान वारसी के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई। उन्होंने तीन तलाक़ कानून का हवाला देते हुए बताया कि यह अब एक दंडनीय अपराध है और पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए।
