राजनांदगांव जिले के खैरागढ़ थाना पुलिस ने मंगलवार को एक अहम और चर्चित कार्रवाई को अंजाम दिया। ईतवारी बाजार एमसीपी प्वाइंट पर नियमित चेकिंग के दौरान पुलिस को एक स्कॉर्पियो वाहन (MH-12 WZ-0696) संदिग्ध स्थिति में मिला। पुलिस ने वाहन को रोककर जांच की तो सीटों के नीचे और गुप्त खांचों से ₹4 करोड़ 4 लाख 50 हजार रुपये नकद बरामद किए।
वाहन में सवार दो लोग — गुजरात के वडोदरा निवासी पटेल पास पिता जयंतीभाई पटेल (36 वर्ष) और पाटन निवासी पटेल अक्षय पिता शैलेशभाई पटेल (30 वर्ष) — इस रकम को लेकर यात्रा कर रहे थे। पूछताछ के दौरान दोनों इस नकदी के परिवहन से संबंधित कोई वैध या प्रमाणिक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके, जिससे संदेह और गहरा गया।
पुलिस ने यह तलाशी प्रतिनिधि व्यक्तियों की मौजूदगी और वीडियोग्राफी के साथ की, ताकि प्रक्रिया पारदर्शी रहे। बरामद स्कॉर्पियो वाहन की कीमत लगभग ₹18 लाख बताई जा रही है। नकदी और वाहन दोनों को BNSS की धारा 106 के तहत ज़ब्त कर लिया गया है।
मामले को आगे की जांच के लिए आयकर विभाग को सौंप दिया गया है। अब आयकर विभाग इस रकम के स्रोत, संभावित अवैध लेन-देन और वित्तीय गतिविधियों की विस्तृत जांच करेगा। यह भी पता लगाया जाएगा कि कहीं यह रकम कर चोरी, हवाला नेटवर्क, या किसी अन्य आपराधिक गतिविधि का हिस्सा तो नहीं है।
यह कार्रवाई पुलिस और आयकर विभाग के बीच समन्वित प्रयास का उदाहरण है, जो यह दर्शाता है कि प्रदेश में बड़ी नकदी के अवैध परिवहन और तस्करी पर सख्त निगरानी रखी जा रही है, और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
