छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में बुधवार दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और गरज-चमक के साथ जोरदार बारिश शुरू हो गई। इसी दौरान बटौली और दरिमा क्षेत्र में आसमान से कड़की बिजली ने तीन जिंदगियों को लील लिया। मरने वालों में एक स्कूली छात्र भी शामिल है, जो खेत में काम कर रहा था। वहीं, एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया है और उसका इलाज जारी है। मौसम विभाग ने गुरुवार को भी भारी बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई है।
जानकारी के अनुसार, सरगुजा जिले में बीते कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही थी। लेकिन बुधवार को दोपहर करीब दो बजे बटौली और दरिमा इलाके में जोरदार बारिश शुरू हुई। अचानक तेज बिजली कड़कने लगी, जिससे कई जगहों पर अफरा-तफरी मच गई। इसी दौरान बिजली गिरने की घटनाएं सामने आईं, जिनमें तीन लोगों की जान चली गई।
सबसे मार्मिक घटना बटौली क्षेत्र के कुनकुरी गांव से सामने आई, जहां दसवीं कक्षा का छात्र रोशन राम (उम्र 17 वर्ष) बिजली गिरने से मौत का शिकार हो गया। बताया गया कि रोशन अपनी मां लीलावती के साथ घर से करीब 200 मीटर दूर खेत में काम कर रहा था। उसी दौरान तेज आवाज के साथ बिजली गिरी और रोशन की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुखद हादसे ने पूरे गांव को गमगीन कर दिया है।
प्रशासन की ओर से प्रभावित परिवारों को राहत सहायता देने की तैयारी की जा रही है। साथ ही मौसम विभाग द्वारा लोगों को सतर्क रहने की अपील की गई है, खासकर खुले इलाकों और खेतों में काम करने वालों को बिजली गिरने की आशंका के समय सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
