छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में मानवता और संघर्ष की एक मार्मिक घटना सामने आई है। यहां खराब सड़कों और गहरे कीचड़ के कारण एक व्यक्ति को अपनी बीमार पत्नी को अस्पताल ले जाने में भारी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। पत्नी तेज बुखार से पीड़ित थी, लेकिन सड़क की बदहाल हालत के कारण कोई वाहन इस रास्ते से नहीं चल पा रहा था। मजबूरी में पति ने पड़ोसी की मदद से पत्नी को कंधे पर उठाया और लगभग एक किलोमीटर तक पैदल चला। कीचड़ और उबड़-खाबड़ रास्ते को पार करने के बाद ही उन्हें साफ रास्ता मिला, जहां से महिला को ऑटो द्वारा अस्पताल ले जाया गया।
यह घटना कापू थाना क्षेत्र के विजय नगर ग्राम पंचायत के कंडरजा मोहल्ले की है। कंडरजा से पंडरापाठ और बिलाईढोड़ी की ओर जाने वाली सड़क कई वर्षों से नहीं बनी है। बारिश के बाद यह रास्ता पूरी तरह कीचड़ में डूब जाता है, जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में भारी परेशानी होती है। प्रशासन की लापरवाही और वर्षों से लंबित सड़क निर्माण कार्य के कारण यहां के लोग आज भी बुनियादी सुविधाओं से वंचित हैं। यह घटना न केवल सड़क की बदहाली को उजागर करती है, बल्कि ग्रामीणों की जिजीविषा और एक-दूसरे के प्रति सहयोग की भावना को भी दर्शाती है।
