राजधानी रायपुर में 18 दिसंबर से पांच दिवसीय मेगा हेल्थ कैंप का आयोजन किया जाएगा, जिसमें देशभर से आए सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर आमजन को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करेंगे। इस विशाल स्वास्थ्य शिविर का शुभारंभ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय करेंगे। कार्यक्रम में स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल सहित कई जनप्रतिनिधि और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल होंगे।
यह मेगा हेल्थ कैंप छत्तीसगढ़ शासन के संबंधित विभागों के सहयोग से आयोजित किया जा रहा है, जिसमें शहर की कई सामाजिक संस्थाएं भी सक्रिय भागीदारी निभाएंगी। शिविर के दौरान भाजपा कार्यकर्ता और स्वयंसेवी संस्थाएं मरीजों की सेवा, पंजीयन और व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी संभालेंगी, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
आयोजकों के अनुसार इस स्वास्थ्य शिविर में दिल्ली, मुंबई, अहमदाबाद सहित देश के विभिन्न हिस्सों से 40 से अधिक अस्पतालों के सुपर स्पेशलिस्ट डॉक्टर शामिल होंगे। कैंप में कैंसर, हृदय रोग, नेत्र रोग, स्त्री रोग, अस्थि रोग, बांझपन उपचार सहित कई गंभीर बीमारियों की निःशुल्क जांच, परामर्श और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इसके साथ ही आयुर्वेद पद्धति से भी उपचार और परामर्श दिया जाएगा।
मेगा हेल्थ कैंप की एक विशेष पहल के तहत दिव्यांगजनों को कृत्रिम जयपुर फुट, हाथ, श्रवण यंत्र, ट्राइसाइकिल और व्हीलचेयर भी निःशुल्क प्रदान की जाएंगी। कैंसर विशेषज्ञ डॉ. प्रशांत केरकर, डॉ. आयुषी गोयल, हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. मयूर जैन और डॉ. रमेश कवाद सहित कई प्रतिष्ठित चिकित्सक अपनी सेवाएं देंगे।
रायपुर पश्चिम विधायक एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में आयोजित इस शिविर को राजधानी के लिए ऐतिहासिक पहल बताया जा रहा है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा कि यह आयोजन रायपुर को विश्वस्तरीय चिकित्सा सुविधाओं से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर इस सेवा अभियान का लाभ उठाएं।
