May 15, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

महंत लक्ष्मीनारायण दास और अग्रसेन महाविद्यालय में ‘रिसर्च टू रियलिटी एक्सपो-2025’: छात्रों के नवाचारों को मिला उद्योग तक पहुँचने का मंच

महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय एवं अग्रसेन महाविद्यालय, रायपुर के वाणिज्य शोध केंद्र, आंतरिक गुणवत्ता आश्वासन प्रकोष्ठ (IQAC) तथा संस्थान नवाचार परिषद (IIC) के संयुक्त तत्वावधान में “रिसर्च टू रियलिटी: कॉमर्स एंड मैनेजमेंट एक्सपो – 2025” का भव्य आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य शोधार्थियों को उनके शोध कार्य, नवाचारों और स्टार्टअप विचारों के माध्यम से अकादमिक ज्ञान को व्यावहारिक रूप में प्रस्तुत करने का अवसर प्रदान करना था, जिससे समाजोपयोगी समाधान विकसित किए जा सकें और शोध को उद्योग से जोड़ा जा सके।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ निजी विश्वविद्यालय विनियामक आयोग के अध्यक्ष प्रो. विजय कुमार गोयल उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि “शोध तभी सार्थक है जब वह समाज की वास्तविक समस्याओं का समाधान प्रस्तुत करे।

विशिष्ट अतिथि डॉ. विजय अग्रवाल ने इस आयोजन को नवाचार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। वहीं डॉ. देवाशीष मुखर्जी ने छात्रों को शोध से उद्योग तक की यात्रा में मार्गदर्शन देने की आवश्यकता पर बल दिया, जबकि डॉ. युलेंद्र राजपूत ने इस एक्सपो को उद्यमिता को प्रोत्साहित करने वाला प्रभावशाली मंच बताया।

इस एक्सपो में विभिन्न महाविद्यालयों के शोधार्थियों ने स्वरोजगार, डिजिटल भुगतान, कौशल विकास, दुग्ध उत्पादन, ग्रीन बैंकिंग, महिला उद्यमिता, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, MSME की भूमिका, ऑनलाइन शॉपिंग व्यवहार, मिलेट्स उत्पादन और मुख्यमंत्री कौशल विकास योजना जैसे विषयों पर अपने मॉडल प्रस्तुत किए। ये मॉडल समाज और उद्योग की व्यावहारिक जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए थे।

प्रतियोगिता में महंत लक्ष्मीनारायण दास महाविद्यालय के शोधार्थी आशु ठाकुर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि अभिषेक अग्रवाल (अग्रसेन महाविद्यालय) द्वितीय स्थान पर रहे। इन्द्राणी शर्मा (जे. योगानंदम कॉलेज) और श्रिया पाण्डेय (विवेकानंद महाविद्यालय) को संयुक्त रूप से तृतीय स्थान मिला। अन्य प्रतिभागियों को भी प्रमाणपत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस आयोजन की सफलता में वाणिज्य विभागाध्यक्ष डॉ. शांतनु पॉल और डॉ. शोभा अग्रवाल का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का संचालन डॉ. किरण अग्रवाल ने किया तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. अमित कुमार अग्रवाल ने प्रस्तुत किया।

कार्यक्रम में दोनों महाविद्यालयों के प्राध्यापक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। यह एक्सपो छात्रों के लिए न केवल एक शैक्षणिक मंच साबित हुआ, बल्कि इसने यह भी दर्शाया कि शिक्षा, शोध और नवाचार का समन्वय सामाजिक और आर्थिक विकास की दिशा में नई संभावनाएँ खोल सकता है।

Related posts

कांकेर में 21 नक्सलियों ने हथियार डाले, 18 ऑटोमेटिक रायफल भी कीं पुलिस को सौंप

admin

छत्तीसगढ़ में आईटीआई प्रवेश हेतु रिक्त सीटों पर पुनः ऑनलाइन आवेदन शुरू

admin

CMSSY योजना में गड़बड़ियों पर CMO नरेश वर्मा को कारण बताओ नोटिस

admin

Leave a Comment