रायपुर शहर में सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां कुछ अज्ञात बदमाशों ने एक सर्राफा व्यापारी को निशाना बनाते हुए 86 किलो चांदी के आभूषण लूट लिए। यह घटना सदर बाजार स्थित जैन मंदिर के पीछे, महावीर भवन के पास राजधनी पैलेस की बताई जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, बदमाश व्यापारी के पास किसी बहाने से पहुंचे और उसे बेहोश करने के लिए कोई संदिग्ध वस्तु की सुंघाई की। व्यापारी के बेहोश होते ही आरोपियों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और उसके पास रखे करीब 86 किलो चांदी के आभूषण लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद सभी बदमाश मौके से फरार हो गए।
व्यापारी को होश आने के बाद उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एफआईआर दर्ज की और जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह लूट सोची-समझी साजिश लग रही है।
पुलिस ने घटना स्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके। फिलहाल पुलिस ने आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी है और कई संदिग्धों से पूछताछ भी की जा रही है।
इस घटना से व्यापारियों में दहशत का माहौल है। सर्राफा व्यापारियों ने सुरक्षा बढ़ाने और गश्त तेज करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही अपराधियों को पकड़कर लूटी गई चांदी बरामद कर ली जाएगी।
