22.6 C
Raipur
October 22, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

राजनांदगांव में मधुमक्खियों का कहर: खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर झुंड ने किया हमला, दो की मौत, छह गंभीर घायल

राजनांदगांव जिले के बजरंगपुर नवागांव वार्ड में रविवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हुआ, जब खेत में काम कर रहे ग्रामीणों पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस हमले में दो ग्रामीणों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग बुरी तरह घायल हो गए। घायलों में पांच महिलाएं और एक युवक शामिल हैं, जिन्हें तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रविवार सुबह करीब 9 बजे कुछ महिलाएं रोज की तरह खेत में काम कर रही थीं। वे खेत में काम करते समय टिफिन निकालकर नाश्ता कर रही थीं। उसी दौरान पास में मौजूद मधुमक्खियों के छत्ते से अचानक एक बड़ा झुंड निकल आया और महिलाओं पर टूट पड़ा। मधुमक्खियों के डंक से महिलाएं दर्द से कराह उठीं और बचाव के लिए चिल्लाने लगीं। उनकी चीखें सुनकर आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन झुंड के हमले की तीव्रता इतनी अधिक थी कि कोई पास नहीं जा सका।

हमले में बजरंगपुर नवागांव वार्ड की निवासी सुषीला देवांगन और एक अन्य ग्रामीण की मौत हो गई। वहीं, पार्वती साहू, माया डोंगरे, सुमित्रा साहू और अन्य महिलाएं गंभीर रूप से घायल हुईं। खेत के पास मौजूद शिव यादव और उनका बेटा भी हमले की चपेट में आ गए और बुरी तरह घायल हो गए।

घटना की सूचना मिलते ही आस-पास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे। जब मधुमक्खियों का झुंड शांत हुआ, तब उन्होंने घायलों को खेत से बाहर निकाला और तुरंत अस्पताल पहुंचाया। बताया जा रहा है कि डंक लगने से कई ग्रामीणों की हालत गंभीर बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।

यह हादसा गांव में अफरा-तफरी का कारण बन गया। ग्रामीणों ने प्रशासन से खेतों के आसपास मौजूद मधुमक्खियों के छत्तों को हटाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटना न हो।

Related posts

बालोद के जंगल में सड़ी-गली लाश मिली, जांच जारी

admin

बालोद भूमि घोटाला: रिटायर्ड पटवारी गिरफ्तार, मास्टरमाइंड पोषण साहू की तलाश जारी

admin

रक्षाबंधन के दिन मासूम की दर्दनाक मौत, 102 महतारी एक्सप्रेस ने कुचला

admin

Leave a Comment