उत्तराखंड के उत्तरकाशी में स्थित गंगोत्री धाम में आज 22 अक्टूबर को कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए जाएंगे। कपाटबंदी से पहले पूरे धाम को फूलों, झालरों और दीपों से भव्य रूप से सजाया गया है। मां गंगा की विदाई को लेकर पूरा धाम भक्ति और उत्साह के रंग में रंगा हुआ है।
इस वर्ष अब तक 7 लाख 57 हजार से अधिक श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन करने पहुंचे। कपाट बंद होने से पहले विशेष पूजा-अर्चना और दीपोत्सव का आयोजन पारंपरिक रीति से किया गया। धार्मिक परंपरा के अनुसार अनन्तकूट पर्व के मौके पर पूर्वाह्न 11:36 बजे मां गंगा के कपाट बंद कर दिए जाएंगे।
कपाट बंद होने के बाद मां गंगा की उत्सव मूर्ति को डोली में बैठाकर मुखवा गांव लाया जाएगा। यहां शीतकाल के दौरान श्रद्धालु मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। यह आयोजन उत्तराखंड की धार्मिक विरासत और आस्था का प्रतीक बन चुका है, जिसमें हर साल लाखों भक्त शामिल होते हैं।
