September 5, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

मुख्यमंत्री ने गौमाता की पूजा कर प्रदेशवासियों के कल्याण की कामना की, गोवर्धन पूजा पर छत्तीसगढ़ में बही भक्ति की बयार

गोवर्धन पूजा का पर्व पूरे प्रदेश में धार्मिक श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। इस अवसर पर विष्णु देव साय ने मुख्यमंत्री निवास रायपुर में स्थित गौशाला में गौमाता की विधिवत पूजा-अर्चना की। उन्होंने पारंपरिक रूप से गौमाता को खिचड़ी खिलाई और प्रदेशवासियों के सुख-समृद्धि और शांति की कामना की। इस मौके पर बड़ी संख्या में अधिकारी और श्रद्धालु उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने गौशाला में सेवा कर रहे गौसेवकों को मिठाई खिलाकर उनका सम्मान किया और समाज से गौवंश की सुरक्षा व संरक्षण के लिए आगे आने की अपील की। उन्होंने गौशाला की सभी व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्था को संतोषजनक बताया।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि गोवर्धन पूजा हमारी संस्कृति, प्रकृति, अन्न और पशुधन के प्रति आभार प्रकट करने का पर्व है। गाय भारतीय परंपरा की मूल आधारशिला है, जो न केवल ग्रामीण जीवन से जुड़ी है बल्कि हमारी आस्था और अर्थव्यवस्था दोनों का केंद्र भी है।

उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ की मिट्टी में प्रकृति और गौसेवा की भावना गहराई से रची-बसी है। जब हम गाय, अन्न और धरती का सम्मान करते हैं तो हम अपनी संस्कृति की जड़ों और समृद्धि के स्रोतों को प्रणाम करते हैं।

मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों से इस पर्व को श्रद्धा, आस्था और पर्यावरण संरक्षण के साथ मनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पूजा सिर्फ एक धार्मिक पर्व नहीं, बल्कि यह हमारे जीवन में प्रकृति और पशुधन के महत्व को रेखांकित करने का संदेश भी देता है। कार्यक्रम के अंत में उन्होंने सभी नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।

Related posts

ई-रिक्शा की टक्कर से युवक की मौत: डीकेएस अस्पताल में हंगामा, परिजनों ने शव लेने से किया इनकार, हत्या का आरोप

admin

राजिम कुंभ में अव्यवस्था पर भड़के विधायक रोहित साहू, कलाकारों को खुद ले जाकर कराया भोजन

admin

रायपुर में 8 सितंबर को पर्वों की धूम: गणेश विसर्जन और ईद-ए-मिलाद के लिए प्रशासन अलर्ट

admin

Leave a Comment