सरगुजा। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू आज छत्तीसगढ़ के सरगुजा प्रवास पर पहुंच रही हैं। वे अंबिकापुर में भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर आयोजित प्रदेश स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह में मुख्य अतिथि होंगी। अपने प्रवास के दौरान राष्ट्रपति देवस्थलों और जनजातीय विकास से जुड़ी महत्वपूर्ण योजनाओं का शुभारंभ भी करेंगी।
दो योजनाओं का होगा उद्घाटन
राष्ट्रपति अपने दौरे में वैद्य–देवस्थल से संबंधित दो योजनाओं का उद्घाटन कर सकती हैं। पहली योजना पारंपरिक उपचार करने वाले वैद्यों से जुड़ी है, जबकि दूसरी योजना जनजातीय समाज के धार्मिक स्थलों के विकास से संबंधित है।
सुरक्षा के कड़े इंतजाम
राष्ट्रपति के आगमन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं।हेलिपैड और कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा की जिम्मेदारी एसपीजी ने संभाल ली है।छत्तीसगढ़ के डीजीपी स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए अंबिकापुर में मौजूद रहेंगे।एडीजी सहित 6 आईपीएस अधिकारी और दो हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा ड्यूटी में तैनात किए गए हैं।सुबह 6 बजे से दोपहर 3 बजे तक भारी वाहनों का शहर में प्रवेश बंद किया गया है।शहर में 12 पार्किंग पॉइंट बनाए गए हैं और कई प्रमुख इलाकों में बैरिकेडिंग की गई है।सुरक्षा व्यवस्था के कारण पीजी कॉलेज, होलीक्रॉस कॉलेज समेत कई स्कूल-कॉलेजों में अवकाश घोषित किया गया है।
सरगुजा पहुंचने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति
1952 में देश के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद सरगुजा आए थे। उनके बाद राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू इस क्षेत्र में आने वाली देश की दूसरी राष्ट्रपति होंगी।डॉ. राजेंद्र प्रसाद ने यहां 6 साल के बालक बसंत पंडो को अपने हाथों से नाम दिया था। राष्ट्रपति मुर्मू अपने प्रवास के दौरान 80 वर्षीय बसंत पंडो से भी मुलाकात करेंगी।
पहले दिन मनाया गया जनजातीय लोक नृत्य महोत्सव
जनजातीय गौरव दिवस के दो दिवसीय कार्यक्रम के पहले दिन प्रदेशभर से पहुंचे लोक कलाकारों ने पारंपरिक जनजातीय नृत्यों की शानदार प्रस्तुतियां दीं। महोत्सव के विजेताओं को राष्ट्रपति अपने हाथों से सम्मानित करेंगी ।
ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभ
राष्ट्रपति मुख्यमंत्री जनजातीय ग्राम अखरा विकास योजना का शुभारंभ भी करेंगी। कार्यक्रम स्थल पर जनजातीय विकास प्रदर्शनी और क्राफ्ट मेला लगाया गया है।इसके अलावा जनजातीय विद्रोहों के नायकों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवारों का सम्मान भी किया जाएगा।
राष्ट्रपति का कार्यक्रम
वायुसेना के हेलीकॉप्टर से सुबह 11:00 बजे अंबिकापुर पहुंचेंगी।11:15 से 12:25 बजे तक गांधी स्टेडियम में आयोजित जनजातीय गौरव दिवस कार्यक्रम में शामिल होंगी।12:30 पर पुनः गांधी स्टेडियम पहुंचकर हेलीकॉप्टर से 12:40 बजे रवाना होंगी।
कार्यक्रम में प्रमुख हस्तियां शामिल
पीजी कॉलेज ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यपाल करेंगे और विशिष्ट अतिथि विष्णुदेव साय रहेंगे।मुख्यमंत्री, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओरांव, राज्य मंत्री दुर्गा दास उइके तथा अन्य मंत्री भी मौजूद रहेंगे।
