बिहार। डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय, पूसा में सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई जब सफाई के दौरान रखा एसिड का बोतल अचानक फट गया। हादसे में चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। विस्फोट इतना तेज था कि पास में काम कर रहे सभी मजदूर इसकी चपेट में आ गए।
घटना के बाद सभी घायलों को तुरंत आनन-फानन में पूसा अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। अस्पताल सूत्रों के अनुसार, घायलों में दो मजदूरों की हालत चिंताजनक बनी हुई है।
सूचना मिलते ही विश्वविद्यालय प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घटना की पूरी जानकारी ली। बताया गया है कि मजदूर नियमित साफ-सफाई के काम में लगे थे, तभी एक डिब्बे में रखा एसिड का पुराना बोतल अचानक ब्लास्ट कर गया।
डॉ. राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय का इतिहास काफी पुराना है और यह देश में कृषि अनुसंधान और शिक्षा का प्रमुख केंद्र माना जाता है। ऐसे में कैंपस में हुए इस हादसे ने सुरक्षा प्रबंधन पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
