बिलासपुर। जिले के ग्राम बरतोरी में शादी समारोह के दौरान मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया। नाचते समय दो युवकों के बीच हाथ टकराने की बात पर शुरू हुआ झगड़ा मारपीट तक पहुंच गया और बीच-बचाव करने आए युवक बड़कू उर्फ रामभजन यादव की चाकू मारकर हत्या कर दी गई।
घटना 28 नवंबर की रात करीब साढ़े 7 बजे चुलमाटी कार्यक्रम के दौरान हुई। बारात पक्ष के सभी लोग डीजे के साथ नाचते हुए भीम पटेल के घर के पास पहुंचे थे। इसी दौरान कुश यादव का हाथ संदीप निषाद से टकरा गया। संदीप ने इस पर गाली-गलौज करते हुए कुश को थप्पड़ मार दिया। इसके बाद संदीप के साथी भी आ गए और सभी ने मिलकर कुश को घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी।
मामला बढ़ता देख कुश का चाचा बड़कू यादव बीच-बचाव के लिए आगे आया, लेकिन आरोप है कि हमलावरों ने उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उस पर हमला कर दिया। इसी दौरान बरतोरी के एक युवक ने चाकू निकालकर बड़कू के सीने में लगातार तीन बार वार कर दिए। चाकू लगने से बड़कू के सीने, माथे और आंख के नीचे गहरी चोटें आईं। वह मौके पर लहूलुहान होकर गिर पड़ा।
परिजन उसे तुरंत बिल्हा अस्पताल लेकर जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही भीम पटेल, विजय निषाद और मृतक के पिता रामभरोस मौके पर पहुंचे। पुलिस ने देर रात तक सर्च अभियान चलाकर 6 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया, जिनमें 2 बालिग और 4 नाबालिग शामिल हैं। मृतक के भतीजे कुश यादव की रिपोर्ट के आधार पर सभी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है।
बताया जा रहा है कि मृतक बड़कू अपने भतीजे कुश के साथ दोस्त की शादी में शामिल होने गया था। नाचते समय हाथ टकराने जैसी मामूली बात पर बढ़े विवाद ने उसकी जान ले ली।
