April 17, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

रायगढ़ में पेंशन की रकम पर नजर: दिनदहाड़े स्कूटी की डिक्की से 2 लाख की चोरी, महिला खरीदारी के लिए रुकी थी

छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले से दिनदहाड़े चोरी की एक गंभीर घटना सामने आई है, जहां अज्ञात चोरों ने एक बुजुर्ग महिला की स्कूटी की डिक्की से 2 लाख रुपये उड़ा लिए। यह वारदात खरसिया चौकी क्षेत्र के अंतर्गत हुई, जिससे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, अंजोरीपाली इमरा रोड निवासी 65 वर्षीय नानीबाई दीवान को उनके दिवंगत पति की पेंशन मिलती है। मंगलवार को वह अपने बेटे कौशल प्रसाद दीवान के साथ स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की खरसिया शाखा पहुंची थीं। बैंक से उन्होंने पारिवारिक जरूरतों के लिए 2 लाख रुपये नकद निकाले और पूरी रकम स्कूटी की डिक्की में रखकर उसे लॉक कर दिया।

बैंक से निकलने के बाद मां-बेटा स्कूटी से घर की ओर रवाना हुए। रास्ते में रायगढ़ चौक से पहले वे एक किराना दुकान पर सामान खरीदने के लिए रुके। इसी दौरान पहले से ताक में बैठे अज्ञात युवकों ने मौके का फायदा उठाया। जैसे ही दोनों दुकान के अंदर गए, चोरों ने स्कूटी की डिक्की खोली और उसमें रखी पूरी नकदी निकाल ली।

घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी अपने एक अन्य साथी के साथ तेजी से रायगढ़ चौक की ओर फरार हो गए। जब खरीदारी के बाद कौशल प्रसाद स्कूटी के पास लौटे, तब डिक्की खुली देख उन्हें चोरी का पता चला। उन्होंने तुरंत शोर मचाया, लेकिन तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे।

घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग एकत्रित हो गए। पीड़िता नानीबाई दीवान ने खरसिया चौकी पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि चोरों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जा सके।

Related posts

11 सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सों का प्रदर्शन, सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी

admin

रायपुर होटल में नशे में धुत युवती का वीडियो वायरल, पुलिस जांच में जुटी

admin

रायपुर जिला न्यायालय से पेशी के दौरान दो कैदी फरार, पुलिस अभिरक्षा से भागे बाप-बेटे की तलाश तेज

admin

Leave a Comment