36.2 C
Raipur
June 5, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

नववर्ष जश्न पर सख्ती: रात 10 के बाद DJ पर रोक, सड़क पर स्टंट और केक काटने पर जेल, CCTV से होगी कड़ी निगरानी

छत्तीसगढ़  नववर्ष के जश्न को लेकर छत्तीसगढ़ पुलिस हाई अलर्ट मोड पर है। कानून-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था को रोकने के उद्देश्य से पुलिस प्रशासन ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। राजधानी रायपुर सहित प्रदेश के प्रमुख शहरों में रात 10 बजे के बाद DJ बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने साफ किया है कि बिना लाइसेंस शराब परोसने वाले होटल, फार्महाउस, ढाबा और बार मालिकों पर सख्त कार्रवाई होगी। अवैध शराब बिक्री या तय समय के बाद संगीत बजाने की स्थिति में संबंधित संचालकों का लाइसेंस रद्द किया जा सकता है। नववर्ष समारोहों की निगरानी के लिए राजधानी में CCTV कैमरों से लगातार नजर रखी जाएगी।

रायपुर में करीब 50 पेट्रोलिंग वाहन और 600 से अधिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। वहीं बिलासपुर में ड्रोन कैमरों से जश्न पर नजर रखी जाएगी और लगभग 800 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। बस्तर संभाग में नए साल से पहले ही सुरक्षा बढ़ा दी गई है, जहां करीब 400 जवान तैनात किए जाएंगे।

पुलिस प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि सड़कों पर स्टंट करना, सार्वजनिक स्थानों पर केक काटना, तेज रफ्तार बाइक चलाना या हुड़दंग मचाना अपराध की श्रेणी में आएगा। ऐसे मामलों में मौके पर ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा सकता है। सार्वजनिक स्थानों या वाहनों में शराब पीने पर भी कानूनी कार्रवाई तय है।

होटल और फार्महाउस संचालकों को पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य मार्गों और सर्विस रोड पर पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ने की स्थिति में आयोजकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस ने यह भी निर्देश दिया है कि नववर्ष की रात बाहरी इलाकों की दुकानों को कुछ समय के लिए बंद रखा जाएगा। किसी भी आयोजन में गड़बड़ी या ड्रग्स के उपयोग की पुष्टि होने पर उस स्थान का लाइसेंस निरस्त किया जाएगा।

प्रशासन ने आयोजकों को निर्देशित किया है कि नशे की हालत में मौजूद ग्राहकों को सुरक्षित उनके घर तक पहुंचाना उनकी जिम्मेदारी होगी। साथ ही किसी भी कार्यक्रम से पहले नजदीकी पुलिस थाने को आयोजन की पूरी जानकारी देना अनिवार्य होगा।

पुलिस का कहना है कि ये सभी कदम नागरिकों की सुरक्षा और शांतिपूर्ण नववर्ष उत्सव सुनिश्चित करने के लिए उठाए गए हैं। नियमों का पालन करने वालों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी, लेकिन कानून तोड़ने वालों पर सख्ती तय है।

Related posts

10वीं-12वीं बोर्ड परीक्षाओं की फीस में बड़ा इजाफा, नए सत्र से छात्रों पर बढ़ेगा आर्थिक बोझ

admin

“स्पेशल एजुकेटर भर्ती में पात्र अभ्यर्थियों की अंतरिम सूची जारी, 28 अक्टूबर को होगा दावा-आपत्ति

admin

जांजगीर-चांपा में शिक्षकों के पदस्थापन पर विवाद गहराया, बिलासपुर आयुक्त ने मांगा शिक्षा सचिव से मार्गदर्शन

admin

Leave a Comment