September 4, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

अवैध प्लॉटिंग पर निगम का एक्शन, जोन-9 में बुलडोजर चला, निर्माणकर्ताओं पर FIR की तैयारी

रायपुर शहर में अवैध निर्माण और गैरकानूनी प्लॉटिंग के खिलाफ नगर निगम ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। नगर निगम रायपुर के जोन क्रमांक-9 अंतर्गत मोवा क्षेत्र में करीब 7 एकड़ निजी भूमि पर की जा रही अवैध प्लॉटिंग और सड़क निर्माण को जेसीबी मशीन से ध्वस्त कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान मौके पर बनाई गई कच्ची सड़क को पूरी तरह नष्ट कर दिया गया, जिससे आगे किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य न हो सके।

नगर निगम जोन-9 द्वारा रायपुर तहसीलदार एवं पंजीयक कार्यालय को पत्र भेजकर संबंधित भूमि के वास्तविक स्वामित्व की जानकारी मांगी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि जैसे ही भूमि स्वामी से जुड़ी वैधानिक जानकारी प्राप्त होगी, अवैध निर्माण में शामिल लोगों के खिलाफ नियमों के तहत संबंधित थाने में नामजद एफआईआर दर्ज कराई जाएगी।

इसी अभियान के तहत दलदल सिवनी मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से निर्मित लेबर क्वार्टर को भी नगर निवेश विभाग की टीम ने जेसीबी मशीन की मदद से तोड़ दिया। निगम प्रशासन ने दो टूक कहा है कि शहर में अवैध निर्माण और अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार कार्रवाई जारी रहेगी और किसी भी स्तर पर समझौता नहीं किया जाएगा।

यह पूरी कार्रवाई नगर निगम आयुक्त विश्वदीप के आदेश और जोन कमिश्नर अंशुल शर्मा के निर्देश पर की गई। अभियान के दौरान कार्यपालन अभियंता शरद ध्रुव, सहायक अभियंता संदीप तिवारी, सैयद जोहेब तथा उप अभियंता अतुल बंसल सहित निगम का अमला मौके पर मौजूद रहा। निगम प्रशासन का कहना है कि अवैध निर्माण करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कदम उठाए जाएंगे ताकि शहर में नियमबद्ध और नियोजित विकास सुनिश्चित किया जा सके।

Related posts

गुरु घासीदास जयंती की शोभायात्रा में हिंसा: नाचने के विवाद ने ली युवक की जान, कई हिरासत में

admin

6 दिन में कोरोना से दूसरी मौत, दोनों राजनांदगांव से: 86 साल के बुजुर्ग की सांस और किडनी की बीमारी बनी जानलेवा

admin

छत्तीसगढ़ में शीतलहर का कहर: अंबिकापुर 4 डिग्री के करीब, रायपुर समेत 14 जिलों में ठंड का अलर्ट

admin

Leave a Comment