यात्रियों की सुविधा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए रायपुर रेलवे स्टेशन पर पहली बार ‘स्वस्थ वेटिंग लाउंज’ की शुरुआत की गई है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के रायपुर रेल मंडल द्वारा शुरू की गई इस अभिनव पहल का उद्देश्य यात्रियों को ट्रेन के इंतजार के दौरान न सिर्फ आराम, बल्कि स्वास्थ्य से जुड़ी सुविधाएं भी उपलब्ध कराना है।
स्वस्थ वेटिंग लाउंज में यात्रियों के लिए योग-मेडिटेशन एरिया, मिनी फिटनेस कॉर्नर, आरामदायक सोफा, प्रीमियम रीक्लाइनर मसाज चेयर, एसी हॉल और शांत वातावरण की व्यवस्था की गई है। इसके साथ ही मोबाइल-लैपटॉप चार्जिंग प्वाइंट, लाइव ट्रेन इंफॉर्मेशन डिस्प्ले और फ्री हाई-स्पीड वाई-फाई जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं। महिलाओं और पुरुषों के लिए अलग-अलग वॉशरूम और टॉयलेट की सुविधा भी सुनिश्चित की गई है।
लाउंज में यात्रियों को मिलेट्स आधारित हेल्दी फूड उपलब्ध कराया जाएगा। साथ ही सामान्य स्वास्थ्य जांच जैसे वजन, ब्लड प्रेशर और मौके पर बीपी-शुगर जांच की सुविधा भी दी जाएगी। रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सभी खाद्य पदार्थ रेलवे द्वारा अनुमोदित सूची के अनुसार होंगे और पूरी तरह FSSAI मानकों के अनुरूप रहेंगे।
शुल्क व्यवस्था को यात्रियों के अनुकूल रखा गया है। वेटिंग लाउंज का किराया 1 घंटे के लिए 30 रुपये, 2 घंटे के लिए 60 रुपये और 4 घंटे के लिए 80 रुपये तय किया गया है। योग-ध्यान क्षेत्र और फिटनेस कॉर्नर के लिए 30 मिनट का शुल्क 50 रुपये रखा गया है। रेलवे का मानना है कि कम शुल्क में बेहतर सुविधा मिलने से यात्रियों को ट्रेन का इंतजार अब थकान की बजाय सुकून के साथ बिताने का अवसर मिलेगा।
यह सुविधा भारतीय रेलवे की नई गैर-किराया राजस्व योजना NINFRIS (New Innovative Non-Fare Revenue Ideas Scheme) के तहत विकसित की गई है। इस अनूठी पहल का शुभारंभ यात्रियों द्वारा किया गया, जिससे यह संदेश दिया गया कि यह सुविधा पूरी तरह यात्री-केंद्रित है।
शुभारंभ अवसर पर रायपुर रेल मंडल के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. के.पी. काशिपथी, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक अवधेश कुमार त्रिवेदी, वरिष्ठ सामग्री प्रबंधक, मंडल वाणिज्य प्रबंधक राकेश सिंह, सहायक वाणिज्य प्रबंधक अविनाश कुमार आनंद सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि भविष्य में यात्रियों की प्रतिक्रिया के आधार पर इस तरह की सुविधाओं का विस्तार अन्य स्टेशनों पर भी किया जाएगा।
