July 22, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क का भंडाफोड़: रायपुर में 4 आरोपी गिरफ्तार, 50 लाख से अधिक नकद व डिजिटल साक्ष्य जब्त

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में ऑनलाइन सट्टा संचालन के एक बड़े नेटवर्क का पुलिस ने खुलासा किया है। यह मामला गंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जहां शहर के सिघु भवन पार्किंग के पास से कार में ऑनलाइन सट्टा संचालित करने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में नकद राशि और तकनीकी उपकरण बरामद किए गए हैं।

पुलिस के अनुसार, आरोपी ऑनलाइन बेटिंग साइट्स के माध्यम से सट्टा खिलाने के लिए ग्राहकों को आईडी उपलब्ध कराते थे और लेन-देन डिजिटल प्लेटफॉर्म व नकदी के जरिए किया जाता था। छापेमारी में आरोपियों के पास से 50 लाख 35 हजार रुपये नकद बरामद हुए,  लैपटॉप, मोबाइल फोन, कार, पासपोर्ट, एटीएम कार्ड, चेकबुक और कैलकुलेटर सहित अन्य सामग्री भी जब्त की गई। जब्त नकदी और सामान की कुल कीमत करीब 80 लाख रुपये आंकी गई है।

जांच में सामने आया है कि सट्टे से जुड़े लेन-देन के लिए कई बैंक खातों का उपयोग किया जा रहा था। पुलिस ने सट्टोरियों से जुड़े बैंक खातों में मौजूद करोड़ों रुपये को एहतियातन होल्ड करा दिया है, ताकि अवैध धन के प्रवाह को रोका जा सके। पुलिस यह भी स्पष्ट कर चुकी है कि जिन ग्राहकों ने इन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स पर सट्टा खेला है, उनके खिलाफ भी कानून के तहत कार्रवाई की जाएगी।

आरोपियों के खिलाफ गंज थाना में अपराध क्रमांक 06/26 के तहत छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 की धारा 7, आईटी एक्ट की धारा 66(सी) तथा बीएनएस की धारा 112(2) में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में आगे की जांच जारी है, जिसमें नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और वित्तीय लेन-देन की कड़ियों को खंगाला जा रहा है।

यह संयुक्त कार्रवाई एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और स्थानीय पुलिस द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में की गई। पुलिस का कहना है कि ऑनलाइन सट्टा जैसे साइबर अपराधों पर सख्ती जारी रहेगी और डिजिटल माध्यमों से चल रहे अवैध धंधों को जड़ से खत्म करने के लिए निरंतर अभियान चलाया जा रहा है

Related posts

पीएम जनमन योजना में बड़ा खेल: पहाड़ी कोरवाओं के लिए बने घर बिना कॉलम, अफसरों की निगरानी पर सवाल

admin

तिल्दा के व्यापारी के घर में खास मेहमान: दो साल से पलंग पर सो रही है ‘गौमाता’, परिवार संग खाती है नाश्ता

admin

11 सूत्रीय मांगों को लेकर नर्सों का प्रदर्शन, सरकार पर दबाव बढ़ाने की तैयारी

admin

Leave a Comment