April 19, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

मोर-बिजली ऐप अपडेट के नाम पर ठगी: ओटीपी साझा करते ही युवक के खाते से 4.95 लाख पार

राजधानी रायपुर में ऑनलाइन ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां साइबर ठगों ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताकर एक युवक से लगभग पांच लाख रुपये की ठगी कर ली। घटना आजाद चौक थाना क्षेत्र की है, जहां पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराते हुए बताया कि उसे मोबाइल पर कॉल कर ‘मोर बिजली’ ऐप अपडेट नहीं होने की बात कही गई और बिजली सप्लाई बंद कर देने की धमकी दी गई।

आजाद चौक निवासी करण कुमार देवांगन के अनुसार, 22 फरवरी को उसके मोबाइल पर एक अज्ञात व्यक्ति का फोन आया। कॉल करने वाले ने खुद को बिजली विभाग का कर्मचारी बताते हुए कहा कि उनका ‘मोर बिजली’ ऐप अपडेट नहीं है, जिसके कारण उनकी बिजली सेवा बाधित हो सकती है। बातों में उलझाकर आरोपी ने ऐप अपडेट करने के नाम पर ओटीपी मांगा। भरोसे में आकर जैसे ही पीड़ित ने ओटीपी साझा किया, ठगों ने उसके बैंक खाते से किस्तों में 4 लाख 95 हजार रुपये निकाल लिए।

कुछ ही देर में खाते से पैसे कटने के मैसेज आने लगे, तब जाकर युवक को ठगी का एहसास हुआ। उसने तुरंत बैंक से संपर्क कर अपना खाता फ्रीज कराया और आजाद चौक थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और साइबर सेल की मदद से ठगों की तलाश की जा रही है।

यह घटना एक बार फिर इस बात की चेतावनी है कि किसी भी अनजान कॉल पर अपनी बैंकिंग या ओटीपी संबंधी जानकारी साझा करना बेहद खतरनाक हो सकता है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध कॉल या मैसेज की सूचना तुरंत पुलिस या साइबर हेल्पलाइन को दें।

Related posts

एक ही दुकान से किताब खरीदने का दबाव पड़ा भारी, शिक्षा विभाग ने तीन निजी स्कूलों को दी अंतिम चेतावनी

admin

AI से अश्लील फोटो बनाकर रागी ने की 20 लाख की वसूली, 20 करोड़ की मांग

admin

छत्तीसगढ़ में ACB–EOW की बड़ी कार्रवाई: 7 जिलों में एक साथ 20 ठिकानों पर दबिश

admin

Leave a Comment