राजधानी रायपुर के विधानसभा थाना क्षेत्र स्थित रॉयल कैसल होटल में गुरुवार शाम अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार होटल के ग्राउंड फ्लोर पर बने स्टोर रूम में अचानक आग भड़क उठी, जिससे कुछ ही देर में ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं और घना धुआं पूरी बिल्डिंग में फैल गया। आग इतनी तेजी से फैली कि उसकी लपटें पहली मंजिल तक पहुंच गईं।
घटना की सूचना मिलते ही होटल में मौजूद स्टाफ और स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए अंदर ठहरे सभी मेहमानों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। बताया जा रहा है कि स्टोर रूम में ज्वलनशील और सूखा सामान रखा हुआ था, जिसके कारण आग तेजी से फैलती चली गई और हालात कुछ समय के लिए गंभीर बन गए।
सूचना मिलने पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का अभियान शुरू किया गया। करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दमकल कर्मियों ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। सुरक्षा के मद्देनजर विधानसभा पुलिस की टीम ने होटल के आसपास के इलाके को खाली करवा दिया था, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है। हालांकि होटल के स्टोर रूम में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट मानी जा रही है। फिलहाल पुलिस और फायर एक्सपर्ट्स मामले की जांच कर रहे हैं। वहीं होटल प्रबंधन की ओर से अब तक इस मामले में पुलिस को कोई औपचारिक शिकायत नहीं दी गई है।
