July 22, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

फर्जी आधार कार्ड से फ्लाइट पकड़ने की कोशिश, रायपुर एयरपोर्ट पर युवक गिरफ्तार

राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान फर्जी आधार कार्ड के सहारे हवाई यात्रा करने की कोशिश का मामला सामने आया है। सतर्क सुरक्षा कर्मियों ने जांच के दौरान एक युवक को संदिग्ध दस्तावेजों के साथ पकड़ लिया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया।

पुलिस के अनुसार घटना 12 मार्च 2026 की है। उस दिन एयरपोर्ट पर नियमित सुरक्षा जांच चल रही थी। इसी दौरान एक यात्री रायपुर से इंदौर जाने वाली फ्लाइट में सफर करने के लिए एयरपोर्ट पहुंचा। यात्री ने जांच के दौरान स्नेहल राजू भाई पटेल के नाम से जारी एयर टिकट प्रस्तुत किया और पहचान के रूप में आधार कार्ड दिखाया।

दस्तावेजों की जांच करते समय सुरक्षा कर्मियों को आधार कार्ड की सत्यता पर संदेह हुआ। जब आधार कार्ड की बारीकी से जांच की गई तो पता चला कि वह फर्जी है। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने दूसरे व्यक्ति के आधार कार्ड में अपनी फोटो लगाकर नकली पहचान पत्र तैयार किया था और उसी के आधार पर टिकट लेकर यात्रा करने की कोशिश कर रहा था।

पूछताछ में आरोपी की पहचान कुलदीप सिंघल के रूप में हुई। वह मूल रूप से इंदौर (मध्यप्रदेश) का रहने वाला बताया जा रहा है। सुरक्षा कर्मियों ने उसे तुरंत हिरासत में लेकर पुलिस को सौंप दिया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।

फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि फर्जी आधार कार्ड तैयार करने में किसी अन्य व्यक्ति या गिरोह की भूमिका तो नहीं है।

Related posts

रायपुर डूबा बारिश में: घंटेभर की तेज़ बरसात ने खोली नाली व्यवस्था की पोल, 15 जिलों में यलो अलर्ट

admin

वायरल रेस्क्यू से ड्रग रैकेट तक: 56 लाख फॉलोअर्स वाला यूट्यूबर निकला गांजा नेटवर्क का सरगना

admin

बिलासपुर में LPG काला कारोबार का भंडाफोड़: 86 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त, दो कारोबारी गिरफ्तार

admin

Leave a Comment