रायपुर में रविवार सुबह पुलिस ने कानून-व्यवस्था मजबूत करने के लिए विशेष अभियान चलाया। सेंट्रल जोन के कई थाना क्षेत्रों में एक साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान 132 हिस्ट्रीशीटर और निगरानी बदमाशों को थाने बुलाकर उनकी जांच की गई। सभी की थाने में परेड कराई गई और उन्हें सख्त चेतावनी दी गई कि आगे से कोई अपराध बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
पुलिस ने कई इलाकों में दबिश भी दी और फरार आरोपियों की तलाश की। इस कार्रवाई में 11 वारंटियों को गिरफ्तार करने में सफलता मिली। बदमाशों को नियमित रूप से थाने में हाजिरी देने और कानून का पालन करने के निर्देश दिए गए। उनकी पहचान पक्की करने के लिए फिंगरप्रिंट लेकर रिकॉर्ड में दर्ज किया गया।
पुलिस अधिकारियों ने साफ कहा कि इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे। इसका उद्देश्य शहर में अपराध पर नियंत्रण रखना और लोगों को सुरक्षित माहौल देना है।
