बिलासपुर पुलिस ने महिलाओं से चेन स्नैचिंग और लूट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में ओडिशा से संचालित इस गिरोह के 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। आरोपियों में 5 ओडिशा के निवासी हैं, जबकि एक स्थानीय सहयोगी बिलासपुर का रहने वाला है।
जांच में सामने आया कि आरोपी बिना नंबर की स्कूटी का उपयोग कर महिलाओं को निशाना बनाते थे और वारदात के बाद फरार हो जाते थे। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी जांच के आधार पर पुलिस ने गिरोह तक पहुंचकर सभी आरोपियों को दबोच लिया। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी जब्त कर ली है।
