मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के गुड़ी वन परिक्षेत्र में नियमित गश्त के दौरान वन विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने कथित रूप से पत्थरों और लाठियों से हमला कर दिया। इस हमले में 8 से अधिक वनरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हमलावर पहले से घात लगाकर बैठे थे और टीम के पहुंचते ही हमला शुरू कर दिया।
वन विभाग के अनुसार, जंगल में अवैध अतिक्रमण रोकने और वन भूमि की सुरक्षा के लिए विशेष फ्लाइंग स्क्वॉड तैनात किया गया था। घटना के बाद घायल कर्मचारियों को काफी देर तक सहायता नहीं मिल सकी। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हमलावरों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
