रायपुर नगर निगम में प्रशासनिक कार्यों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए आयुक्त संबित मिश्रा ने कई अधिकारियों को अतिरिक्त जिम्मेदारियां सौंपी हैं। जारी आदेश के अनुसार उपयुक्त अधिकारियों को विभिन्न विभागों का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है, जिससे विभागों के बीच बेहतर समन्वय और कामकाज में तेजी आएगी।
नई व्यवस्था के तहत जागृति साहू को अनुसूचित जाति एवं जनजाति कल्याण विभाग (जाति प्रमाण पत्र शाखा), जसदेव सिंह बाबरा को सामान्य प्रशासन विभाग एवं जोन-2 के चेक संबंधी कार्य, जबकि संगीता साहू को जनसूचना अधिकारी (PIO) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
वहीं, नगर निगम की प्रभारी अपर आयुक्त कृष्णा खटीक के सेवानिवृत्त होने पर सम्मान समारोह आयोजित किया गया। आयुक्त संबित मिश्रा ने उन्हें शॉल, श्रीफल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया तथा उनके लंबे प्रशासनिक अनुभव और सेवाओं की सराहना करते हुए स्वस्थ एवं सुखद जीवन की शुभकामनाएं दीं।
