छत्तीसगढ़ के मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर (MCB) जिले में एक भीषण सड़क हादसा हुआ है। केल्हारी थाना क्षेत्र में सेमरशमानी मोड़ के पास यात्रियों से भरी बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकरा गई। हादसे में बस मालिक समेत 6 लोगों की मौत हो गई, जबकि 40 यात्री घायल हुए हैं।
घायलों में 15 की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया है। हादसे में एक गर्भवती महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों को 5-5 लाख और घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
