राजधानी रायपुर में नगर निगम ने सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए कचरा गाड़ियों को GPS से जोड़ने का फैसला किया है। अब लोग मोबाइल पर ही कचरा गाड़ी की लोकेशन और उसके पहुंचने का समय देख सकेंगे। अधिकारियों के अनुसार, 50 से 60 कचरा वाहनों के रूट डिजिटल किए जा चुके हैं। वाहन तय रास्ते से भटकता है या ज्यादा देर तक एक जगह खड़ा रहता है, तो कंट्रोल रूम में अलर्ट पहुंचेगा। इसके अलावा, सफाई से पहले और बाद की तस्वीरें भी अपलोड की जाएंगी। सार्वजनिक जगहों पर कचरा फेंकने वालों पर नजर रखने के लिए CCTV कैमरे भी लगाए जाएंगे। इससे शहर की सफाई व्यवस्था में सुधार आने की उम्मीद है।
