छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के भटगांव क्षेत्र में रविवार को एक भयावह सड़क हादसा हुआ जिसने पूरे इलाके को दहला दिया। यह घटना तब हुई जब तेज रफ्तार इको कार गंगरेल की ओर से आती हुई ‘दीदी की रसोई’ नामक स्थान के पास पहुंची। कार के चालक ने अचानक नियंत्रण खो दिया और सड़क पर पैदल चल रहे एक व्यक्ति को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही चालक घबरा गया और रफ्तार को कम करने के बजाय और बढ़ा दी। परिणामस्वरूप कार बेकाबू होकर सड़क पर मौजूद अन्य लोगों को भी अपनी चपेट में लेने लगी। कुछ ही पलों में कार ने एक के बाद एक पांच लोगों को टक्कर मार दी, जिनमें साइकिल और बाइक सवार भी शामिल थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हादसे के बाद एक व्यक्ति कार के नीचे फंस गया और कार उसे कुछ दूर तक घसीटती हुई ले गई। यह दृश्य इतना भयावह था कि लोग मदद के लिए चीखने लगे। वीडियो फुटेज में स्पष्ट रूप से दिखा कि कार के नीचे व्यक्ति फंसा हुआ है और वाहन तेज रफ्तार से आगे बढ़ रहा है।
इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को तत्काल अस्पताल भेजा गया जहां उनका इलाज जारी है।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बेकाबू कार का पीछा किया। कार गोकुलपुर गांव के पास खेतों की तरफ जा घुसी, जहां ग्रामीणों ने घेराबंदी कर चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया।
पूरा मामला रूढ़ी थाना क्षेत्र का है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
