September 6, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

टीचर बोली- कलेक्टर- विधायक से है पहचान, कोई कुछ नहीं बिगाड़ सकता” — छात्राओं का गुस्सा फूटा, स्कूल के बाहर धरना

छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा  जिले में एक महिला शिक्षिका के खिलाफ छात्रों का गुस्सा खुलकर सामने आया। मामला स्वामी आत्मानंद इंग्लिश मीडियम स्कूल दंतेवाड़ा  का है, जहां सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने स्कूल के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। छात्रों ने शिक्षिका पर मानसिक प्रताड़ना और अपमानजनक व्यवहार के गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि शिक्षिका पिछले तीन सालों से उन्हें मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रही हैं।

छात्राओं के अनुसार, शिक्षिका न केवल उन्हें अपमानजनक भाषा में डांटती हैं, बल्कि कई बार उनके अभिभावकों पर भी आपत्तिजनक टिप्पणी करती हैं। छात्रों ने बताया कि विरोध करने पर शिक्षिका ने धमकी दी—“मेरी पहचान कलेक्टर और विधायक से है, कोई मेरा कुछ नहीं बिगाड़ सकता।” इस बयान ने छात्रों में आक्रोश फैला दिया, जिसके बाद उन्होंने पढ़ाई छोड़कर विरोध का रास्ता चुना।

आक्रोशित छात्रों ने पहले जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपा, लेकिन जब कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई तो उन्होंने स्कूल के बाहर धरना देना शुरू कर दिया। धरने में न केवल छात्र-छात्राएं बल्कि अभिभावक भी समर्थन में पहुंचे। उनका कहना है कि ऐसे माहौल में बच्चे सुरक्षित महसूस नहीं कर पा रहे और पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है।

छात्रों ने चेतावनी दी है कि जब तक शिक्षिका को स्कूल से हटाया नहीं जाता, वे क्लास में नहीं बैठेंगे। इसके साथ ही स्कूल के मुख्य गेट पर नारेबाजी भी की जा रही है। बढ़ते विवाद को देखते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने पूरे मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए हैं। जांच टीम जल्द ही छात्रों, अभिभावकों और शिक्षिका से बयान दर्ज करेगी।

अधिकारियों ने कहा कि मामले को गंभीरता से लिया गया है और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो शिक्षिका के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस घटना ने स्कूल प्रबंधन और प्रशासन दोनों को झकझोर कर रख दिया है और अब सभी की निगाहें जांच के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

Related posts

कॉलेज जाने वाली बेटियों को सरकार देगी 30 हजार सालाना, सरकारी स्कूलों से पास छात्राओं को मिलेगा फायदा

admin

जशपुर में चर्च के सामने धीरेंद्र शास्त्री की कथा, बस्तर में धर्मांतरण पर जोरदार बयान

admin

रायपुर में छत्तीसगढ़ महतारी की मूर्ति तोड़े जाने पर मचा बवाल, लोगों ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

admin

Leave a Comment