25.1 C
Raipur
September 4, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

पीएम आवास में किस्त अटकी तो विपक्ष का हल्ला बोल: नगर निगम का घेराव, 800 हितग्राहियों को भुगतान न मिलने पर फैला आक्रोश

प्रधानमंत्री आवास योजना की लंबित किस्तों को लेकर रायपुर नगर निगम में सोमवार को भारी हंगामा देखने को मिला। नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी की अगुवाई में कांग्रेस नेताओं और बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने निगम मुख्यालय का घेराव किया। प्रदर्शन में वे परिवार भी शामिल हुए, जिन्होंने घर निर्माण के लिए कर्ज लिया है लेकिन किस्त न मिलने से उनका काम अधर में अटका हुआ है।

नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि करीब 800 हितग्राहियों को महीनों से उनकी किस्त नहीं मिली है। कुछ दिन पहले उन्होंने प्रेस वार्ता कर यह मुद्दा उठाया था और योजना में गड़बड़ी व भ्रष्टाचार का आरोप लगाया था। उनका कहना है कि नगर निगम ने अब तक किसी पर कार्रवाई नहीं की, जबकि लोगों को किस्त का इंतजार है।

आज के विरोध में शहर के 40 से अधिक वार्डों के 120 से ज्यादा हितग्राही पहुंचे। सड्डू, फुंडहर, वीरभद्र नगर, गुढ़ियारी, राजेंद्र नगर, छोटा अशोक नगर, महात्मा गांधी नगर सहित कई इलाकों से लोग प्रदर्शन में शामिल हुए। उनका कहना था कि उन्होंने रिश्तेदारों से उधार लिया, गहने गिरवी रखे और छोटे-छोटे कर्ज लेकर घर बनाना शुरू किया है। पर पीएम आवास योजना की राशि महीनों से खाते में नहीं पहुंची, जिसके कारण निर्माण कार्य रुक गया है और कई परिवार अब भी किराए के मकानों में रहने को मजबूर हैं।

निगम के अधिकारी प्रदर्शन स्थल पहुंचे और प्रतिनिधिमंडल से चर्चा की। अपर आयुक्त विनोद पांडे ने भरोसा दिया कि 12 से 20 दिसंबर के बीच सभी पात्र हितग्राहियों के खातों में राशि भेज दी जाएगी। नेता प्रतिपक्ष ने इसे लिखित में दर्ज करवाते हुए निगम को 800 हितग्राहियों की सूची सौंपी, जिनकी किस्त अब तक अटकी हुई है।

विपक्ष का कहना है कि यदि तय समय सीमा में भुगतान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा। उधर, लाभार्थियों ने भी चेतावनी दी है कि उनके घरों का निर्माण रुका तो वे बड़े स्तर पर प्रदर्शन करेंगे।

Related posts

बिलासपुर पुलिस की सख्त कार्रवाई, 90 संदिग्ध हिरासत में; 12 आदतन अपराधी भेजे गए जेल

admin

मार्केट जाते वक्त दंपती से झपटमारी, मोपेड सवार को बाइक सवार बदमाशों ने बनाया शिकार

admin

कोरबा में सरकारी नियमों की उड़ाई धज्जियां, एसईसीएल ने बिना मंजूरी खड़ी कर दी 9 मंजिला इमारतें

admin

Leave a Comment