38 C
Raipur
June 5, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

छात्रों के भोजन से खिलवाड़: डेंटल कॉलेज मेस में मरी मेंढक मिलने से हड़कंप, फूड सेफ्टी ने जारी किया कारण बताओ नोटिस

छत्तीसगढ़ के राजनांदगांव जिले में स्थित छत्तीसगढ़ डेंटल कॉलेज की मेस व्यवस्था उस समय सवालों के घेरे में आ गई, जब छात्रों को परोसे गए भोजन में मरा हुआ मेंढक मिलने का गंभीर मामला सामने आया। घटना 7 जनवरी की बताई जा रही है, जब डिनर के दौरान एक छात्र की थाली में परोसी गई मूंग की दाल से पूरी तरह पका हुआ मरा मेंढक निकला। इसके बाद मेस में अफरा-तफरी मच गई और छात्रों ने तत्काल इसकी शिकायत की।

शिकायत मिलते ही फूड एंड सेफ्टी विभाग की टीम मौके पर पहुंची और मेस का औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान न सिर्फ दाल में मरा मेंढक पाए जाने की पुष्टि हुई, बल्कि परोसे गए चावल में मरी हुई इल्ली और कीड़े भी मिले। इसके अलावा मेस परिसर में साफ-सफाई की गंभीर कमी पाई गई और यह भी सामने आया कि भोजन तैयार करने में एक्सपायरी डेट के खाद्य पदार्थों का उपयोग किया जा रहा था।

निरीक्षण में स्वास्थ्य और खाद्य सुरक्षा मानकों के उल्लंघन को गंभीर मानते हुए विभाग ने मेस संचालन करने वाली संस्था को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। साथ ही खाद्य पदार्थों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। जिला खाद्य अधिकारी ने बताया कि जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इस मामले पर कॉलेज प्रशासन की ओर से प्रतिक्रिया भी सामने आई है। कॉलेज के डीन ने कहा कि छात्रों की शिकायत की जांच की जा रही है और मेस को समय-समय पर साफ-सफाई के निर्देश दिए जाते रहे हैं। हालांकि, उन्होंने एक्सपायरी खाद्य सामग्री के उपयोग की बात से इनकार किया है। वहीं, छात्रों का कहना है कि दूषित भोजन और उसमें मृत जीव मिलने से फूड पॉइजनिंग और बैक्टीरियल संक्रमण जैसी गंभीर स्वास्थ्य समस्याएं हो सकती हैं।

कॉलेज में अलग-अलग राज्यों से आए छात्र पढ़ाई करते हैं, जो भोजन के लिए पूरी तरह मेस पर निर्भर रहते हैं। ऐसे में इस घटना ने छात्रों की सेहत और सुरक्षा को लेकर गहरी चिंता पैदा कर दी है। छात्र मांग कर रहे हैं कि दोषियों पर सख्त कार्रवाई हो और मेस की व्यवस्था में तत्काल सुधार किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की लापरवाही दोबारा न हो।

Related posts

7 करोड़ का तेंदूपत्ता घोटाला: आदिवासियों का हक लूटा, DFO समेत 11 गिरफ्तार

admin

रायगढ़ में अवैध धान तस्करी पर बड़ी कार्रवाई: ओडिशा से लाया जा रहा 120 बोरी धान जब्त, 4 आरोपी नामजद

admin

छत्तीसगढ़ कांग्रेस की सियासत गरमाई: चौबे ने भूपेश को बताया योग्य नेता, विरोधियों ने जताई नाराजगी

admin

Leave a Comment