रायपुर के दलदल सिवनी निवासी 12वीं कक्षा के एक छात्र के कथित अपहरण और मारपीट का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि कुछ युवकों ने छात्र को दिनदहाड़े कार में जबरन बैठाकर भिलाई ले गए और एक सुनसान मैदान में उसकी बेरहमी से पिटाई की। मारपीट इतनी गंभीर थी कि बेसबॉल के दो बल्ले तक टूट गए और छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों के अनुसार, आरोपियों ने छात्र से सोने की चेन, अंगूठी, मोबाइल फोन और करीब 40 हजार रुपये नकद भी छीन लिए। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। मामले में चार नामजद आरोपियों सहित अन्य लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर पुलिस जांच में जुट गई है।
