सूरजपुर (छत्तीसगढ़)। एक दर्दनाक हादसे में SECL कर्मियों से भरी बस भटगांव क्षेत्र के बोझा-खडगांव मार्ग पर पुलिया से नीचे गिर गई। हादसे में बस चालक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 7 कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया है। बस में कुल 43 लोग सवार थे।
कैसे हुआ हादसा?
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बस जैसे ही पुलिया पर पहुंची, उसका एक पहिया सड़क किनारे बने गड्ढे में चला गया। पुलिया की कमजोर रेलिंग टूट गई और बस करीब 25 फीट नीचे नाले में जा गिरी।
लोगों की चीखें सुनकर दौड़े ग्रामीण
हादसे के बाद बस में सवार लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। SECL की रेस्क्यू टीम और पुलिस भी तुरंत मौके पर पहुंची और घायलों को भटगांव अस्पताल पहुँचाया।
- 43 में से 18 घायल, 7 गंभीर
- बस में SECL के 37 कर्मी, 4 ठेकेदार, 1 आम यात्री और एक रिटायर्ड कर्मचारी थे।
- 43 में से 18 लोग घायल हुए, जिनमें से
- 7 की हालत गंभीर होने के चलते उन्हें अंबिकापुर रेफर किया गया।
- एक कर्मी की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिया बनी हादसे की वजह
स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिया बेहद संकरी और जर्जर थी। वहां पहले से ही गड्ढा बना हुआ था, जिसे लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी थी। बारिश के चलते सड़क और भी फिसलन भरी हो गई थी।
प्रशासन की चुप्पी पर उठे सवाल
हादसे के बाद प्रशासन और SECL प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगने लगे हैं। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पुलिया की हालत लंबे समय से खराब थी, लेकिन उसकी मरम्मत नहीं की गई।
