रायपुर: गणेश उत्सव का समापन आज से रायपुर में गणेश-विसर्जन के साथ शुरू हो गया है। शहरभर में झांकियों और मूर्तियों के विसर्जन को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए हैं। रात 8 बजे से शहर के कई मुख्य मार्ग आम वाहनों के लिए बंद रहेंगे। महादेव घाट पर केवल बड़ी प्रतिमाओं की एंट्री होगी।
800 से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात
पुलिस ने बताया कि विसर्जन रूट पर 800 से ज्यादा जवान तैनात किए गए हैं। इनमें से कई पुलिसकर्मी सादी वर्दी में रहेंगे। हर झांकी और विसर्जन रूट की ड्रोन व सीसीटीवी कैमरों से निगरानी होगी।
शास्त्री चौक से कोतवाली तक रूट बंद
आज रात 8 बजे से शास्त्री चौक से कोतवाली चौक तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद कर दी जाएगी। साथ ही कई अन्य रास्तों पर डायवर्जन लागू रहेगा, ताकि विसर्जन झांकियों में बाधा न आए।
इन रास्तों पर डायवर्जन
- रायपुरा से अमलेश्वर मार्ग खारून पुल बंद रहेगा। वैकल्पिक मार्ग भाठागांव, काठाडीह और दतरेंगा होंगे।
- तेलीबांधा-शास्त्री चौक से जी.ई. रोड जाने वालों को कालीबाड़ी, पचपेढ़ी नाका होकर जाना होगा।
- धमतरी रोड और पचपेढ़ी नाका से आने वाले वाहनों को मरही माता चौक और शास्त्री चौक की ओर डायवर्ट किया जाएगा।
पार्किंग की व्यवस्था
- शहर में पार्किंग के लिए अलग-अलग जगह निर्धारित की गई हैं।
- पंडरी, शहीद स्मारक भवन, राजा तालाब क्षेत्र
- कटोरा तालाब, टिकरापारा स्थित गांधी मैदान
- इंडोर स्टेडियम (मठपारा, पुरानी बस्ती क्षेत्र)
- ईदगाह भाठा मैदान और नवीन मार्केट (आश्रम, समता, लाखेनगर क्षेत्र)
महादेव घाट पर होगी मूर्तियों का विसर्जन
छोटी मूर्तियों के लिए अलग व्यवस्था की गई है, जबकि बड़ी प्रतिमाओं को महादेव घाट ही ले जाया जाएगा। वहां क्रेन और नावों की मदद से सुरक्षित विसर्जन किया जाएगा।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग और पार्किंग नियमों का पालन करें। पटाखों और DJ पर प्रतिबंध रहेगा।
