भोपाल में दशहरे के त्योहार से ठीक पहले एक अजीबोगरीब घटना सामने आई है। आशीमा मॉल के पास स्थित दशहरा मैदान में लगे 51 फीट ऊंचे रावण के पुतले में कुछ युवकों ने आग लगा दी। यह घटना गुरुवार सुबह करीब 6 बजे की बताई जा रही है। पुतले में समय से पहले आग लगने से आयोजन समिति और इलाके के लोग परेशान हो उठे।
स्थानीय पार्षद जितेंद्र शुक्ला ने बताया कि सुबह एक एसयूवी कार से दो युवक और एक युवती मैदान में पहुंचे और नशे की हालत में रावण पुतले को आग के हवाले कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, तीनों शराब के नशे में थे। घटना के वक्त कई लोग मॉर्निंग वॉक पर थे, जिन्होंने यह सब देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही मिसरोद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू कर दी। फुटेज में आरोपी युवक और युवती को रावण पुतले में आग लगाते हुए देखा गया है। पुलिस ने फुटेज के आधार पर जांच तेज कर दी है और आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
इस घटना के बाद आयोजन समिति ने नया पुतला तैयार कराने का काम तुरंत शुरू कर दिया है। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि शाम को होने वाले दशहरा समारोह पर इस घटना का कोई असर नहीं पड़ेगा। तय समय पर रावण दहन और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इस मौके पर कलाकारों के कार्यक्रम और भव्य आयोजन की भी तैयारी की जा रही है।
