July 22, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

रायपुर पुलिस का अवैध पेट्रोल-डीजल गिरोह पर शिकंजा, लाखों का माल जब्त, सरगना फरार

राजधानी रायपुर में अवैध पेट्रोल-डीजल चोरी और तस्करी करने वाले गिरोह पर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। लंबे समय से चल रहे इस अवैध कारोबार की सूचना मिलने के बाद रायपुर के आईजी अमरेश मिश्रा के निर्देश पर पुलिस की टीमों ने अलग-अलग स्थानों पर छापेमारी की।

पुलिस टीम ने रिंग रोड नंबर-3 पर स्थित पिरदा चौक और टेकारी चौक में दो अलग-अलग यार्ड्स पर रेड की। इस कार्रवाई में कुल मिलाकर 44.30 लाख रुपये मूल्य का पेट्रोल-डीजल जब्त किया गया।

पिरदा चौक स्थित सूरज शाह के यार्ड से पुलिस ने एक टैंकर और 9 ड्रम पेट्रोल-डीजल बरामद किए, जिनमें 1200 लीटर डीजल और 40 लीटर पेट्रोल शामिल था। इसकी कीमत लगभग 1.40 लाख रुपये बताई गई। मौके से अखिलेश चौबे, नीरज कुमार, अरविंद गोंड और रोहित बघेल को गिरफ्तार किया गया।

वहीं, टेकारी चौक पर उमेश साव के यार्ड से तीन टैंकर और 8 ड्रम बरामद किए गए। इनमें से एक टैंकर से 15 हजार लीटर पेट्रोल और 5 हजार लीटर डीजल मिला, जिसकी कीमत करीब 19.20 लाख रुपये आंकी गई। दूसरे टैंकर से 25 हजार लीटर डीजल जब्त किया गया, जिसकी कीमत 22.50 लाख रुपये है, जबकि तीसरा टैंकर खाली मिला। इसके अलावा, अलग-अलग ड्रमों से 1000 लीटर डीजल और 300 लीटर पेट्रोल भी जब्त किया गया।

पुलिस ने कुल 11 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि इस गिरोह को संचालित करने वाला मुख्य सरगना अभी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में लगातार दबिश दे रही है।

जांच में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से पेट्रोल-डीजल चोरी कर उसे खुलेआम बेचने का कारोबार कर रहा था। पुलिस की इस कार्रवाई से अब ऐसे गिरोहों में हड़कंप मच गया है। आईजी अमरेश मिश्रा ने स्पष्ट किया है कि अवैध कारोबार करने वालों पर अब सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Related posts

CGPSC परीक्षा कल: 238 पदों के लिए सख्त गाइडलाइन, देरी से पहुंचे तो नहीं मिलेगी एंट्री

admin

कैबिनेट बैठक आज — ’हाफ बिजली बिल’ योजना पर फाइनल निर्णय, धान खरीदी व्यवस्था की समीक्षा

admin

महासमुंद की रागनी का कमाल, 108 देशों के छात्रों संग बनाएंगी सैटेलाइट

admin

Leave a Comment