रायपुर। प्रदेश की राजनीति में जुबानी जंग तेज हो गई है। भाजपा ने कांग्रेस पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि वह अब जनता की सेवा और सुरक्षा के मार्ग से भटक चुकी है और अपराधियों की संरक्षक बन गई है। भाजपा प्रदेश महामंत्री डॉ. नवीन मार्कंडेय ने कहा कि हाल ही में जांजगीर-चांपा में हुए डकैती कांड में एनएसयूआई नगर अध्यक्ष जितेंद्र दिनकर की गिरफ्तारी इसका ताज़ा उदाहरण है।
डॉ. मार्कंडेय ने आरोप लगाया कि जिस घर से हथियार बरामद हुए, उसका संबंध कांग्रेस विधायक से है। इससे यह साफ होता है कि कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता अपराधियों से जुड़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अब जनता की नहीं बल्कि अपराधियों की साथी बन चुकी है।
भाजपा नेता ने कहा कि बलोदाबाजार हिंसा से लेकर अवैध रेत खनन और रंगदारी वसूली तक, कांग्रेस के नेताओं का नाम बार-बार अपराधों में सामने आता रहा है। उन्होंने कहा कि एक महिला विधायक के रेत खनन मामले से लेकर दूसरे विधायक के घर से हथियार मिलने की घटनाएँ यह साबित करती हैं कि कांग्रेस के शासन में अपराधियों को खुली छूट मिली हुई है।
डॉ. मार्कंडेय ने कहा कि कांग्रेस शासनकाल में अपराधों में भारी वृद्धि हुई है। एनसीआरबी की रिपोर्ट खुद यह बताती है कि कांग्रेस सरकार के आने के बाद प्रदेश में अपराध का ग्राफ लगातार ऊपर गया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जहां-जहां दिखाई देती है, वहां या तो अपराध होते हैं, या अपराधियों को संरक्षण मिलता है।
उन्होंने आगे कहा कि कांग्रेस अपराधियों को शरण देकर जनता के बीच भय और असुरक्षा का माहौल बना रही है। फिर वही कांग्रेस कानून व्यवस्था पर सवाल उठाकर सरकार पर हमले करती है। यही कांग्रेस का दोहरा चरित्र है, जो प्रदेश की आंतरिक शांति और सुरक्षा के लिए सबसे बड़ी चुनौती बन गया है।
डॉ. मार्कंडेय ने कहा कि जनता अब कांग्रेस का असली चेहरा पहचान चुकी है और आने वाले चुनावों में कांग्रेस को इसका जवाब मिलेगा। उन्होंने कांग्रेस से आग्रह किया कि वह अपराधियों को संरक्षण देना बंद करे और जनता की सेवा व सुरक्षा को प्राथमिकता दे।
इस मौके पर भाजपा प्रवक्ता डॉ. किरण बघेल भी मौजूद रहीं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का शासन अपराधियों के लिए सुरक्षित पनाहगाह बन गया है और भाजपा जनता के हित में इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी।
