अखिल भारतीय जनसंध ने बिहार विधानसभा चुनाव 2025 को लेकर बड़ा ऐलान किया है। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आचार्य भारतभूषण ने कहा कि जनसंध 50 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगा। उन्होंने बताया कि यह चुनाव केवल राजनीतिक सत्ता हासिल करने के लिए नहीं, बल्कि एक वैकल्पिक और नैतिक राजनीति की दिशा में कदम है।
आचार्य भारतभूषण ने कहा कि वर्तमान समय में राजनीति पर अपराध और धनबल का गहरा असर हो गया है, जिससे योग्य और ईमानदार लोगों के लिए राजनीति में जगह बनाना कठिन हो गया है। जनसंध का उद्देश्य इस परंपरा को तोड़कर जनता को एक नया नेतृत्व देना है। पार्टी गांव-गांव में जाकर कृषि, लघु उद्योग, स्वदेशी और आत्मनिर्भरता पर आधारित योजनाओं को लेकर जनजागरण अभियान चलाएगी।
उन्होंने कहा कि स्वामी अभिमन्यु नंद सरस्वती जी महाराज के मार्गदर्शन में जनसंध सहयोगी दलों के साथ मिलकर चुनावी रणनीति बनाएगा। पार्टी का फोकस बिहार को आत्मनिर्भर और समृद्ध राज्य बनाने पर होगा, ताकि युवाओं को पलायन न करना पड़े।
इसके साथ ही जनसंध ने घोषणा की कि चुनाव के लिए जल्द ही प्रभावशाली रणनीति तैयार की जाएगी। इसके तहत संभावित सीटों पर बैठकें और संगठनात्मक ढांचा मजबूत करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है।
राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि जनसंध का यह कदम चुनावी समीकरणों में नया मोड़ ला सकता है और राज्य की राजनीति में एक नया विकल्प उभर सकता है।
