दिल्ली में हुए ब्लास्ट मामले में जांच एजेंसियों को बड़ी सफलता मिली है। जांच के दौरान तीसरी संदिग्ध कार हरियाणा के फरीदाबाद स्थित अल-फलाह यूनिवर्सिटी परिसर से बरामद की गई है। बताया जा रहा है कि यह कार शाहीन नामक संदिग्ध के नाम पर दर्ज है।
सूत्रों के मुताबिक, बम स्क्वॉड और फॉरेंसिक टीमें मौके पर पहुंच चुकी हैं और गाड़ी की बारीकी से जांच की जा रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार कई दिनों से यूनिवर्सिटी कैंपस में खड़ी थी, जिससे छात्रों और स्टाफ में दहशत फैल गई। पुलिस ने पूरे क्षेत्र को घेरकर सील कर दिया है और संदिग्ध की तलाश में आसपास के इलाकों में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है।
जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इस कार का सीधा संबंध दिल्ली ब्लास्ट से है या इसे किसी और उद्देश्य से यहां पार्क किया गया था। फिलहाल गाड़ी के नंबर प्लेट, इंजन नंबर और अन्य तकनीकी सबूतों की जांच की जा रही है।प्राथमिक जांच में यह भी सामने आ रहा है कि शाहीन नाम का व्यक्ति हाल ही में दिल्ली और हरियाणा के बीच कई बार आवाजाही करता रहा है।
सुरक्षा एजेंसियां अब उसके नेटवर्क और संपर्कों को खंगालने में जुटी हैं।अधिकारियों का कहना है कि जांच में कोई भी संभावना नज़रअंदाज़ नहीं की जा रही है और मामले में जल्द बड़ा खुलासा हो सकता है।
