July 22, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

रेलवे स्टेशन के पास पंजाब के युवक से 5.18 लाख की हेरोइन जब्त; रायपुर पुलिस ने सप्लाई नेटवर्क की तलाश तेज की

रायपुर। राजधानी रायपुर में बुधवार शाम पुलिस ने सरोना रेलवे स्टेशन के पास एक युवक को हेरोइन (चिट्टा) बेचने की फिराक में पकड़ा। आरोपी पंजाब का रहने वाला है, जिसके पास से 51.85 ग्राम हेरोइन जब्त की गई है। जब्त मादक पदार्थ की अनुमानित कीमत 5.18 लाख रुपए बताई जा रही है। मामला आमानाका थाना क्षेत्र का है।

पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि जेपी गार्डन के सामने सरोना रेलवे स्टेशन की ओर जाने वाली सड़क पर एक युवक हेरोइन लेकर ग्राहक का इंतजार कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची, घेराबंदी की और युवक को हिरासत में लिया।

पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम बचेल सिंह (37), निवासी तरनतारण, पंजाब बताया। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग में सफेद प्लास्टिक पन्नी में छिपाई गई हेरोइन बरामद हुई।

पुलिस ने मौके से आरोपी का मोबाइल भी जब्त किया है, जिसका डेटा खंगाला जाएगा ताकि सप्लाई चेन, फॉरवर्ड- बैकवर्ड लिंक और अन्य नेटवर्क से जुड़े लोगों की पहचान हो सके। आरोपी हेरोइन के लिए कोई वैध दस्तावेज भी नहीं दिखा सका।

आमानाका पुलिस ने आरोपी के खिलाफ NDPS Act की धारा 21(B) के तहत अपराध दर्ज कर लिया है। जब्त हेरोइन को मौके पर ही सीलबंद किया गया।

पुलिस का कहना है कि आरोपी पंजाब से हेरोइन लेकर रायपुर में इसकी बिक्री करने आया था। जांच में यह भी सामने आया है कि ड्रग्स नेटवर्क के जरिए रायपुर सहित अन्य जिलों में नशीली सामग्री की सप्लाई की जा रही है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

रायपुर पुलिस के अनुसार, वर्ष 2025 में अब तक शहर में ड्रग्स बेचने वाले 550 से अधिक आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ये आरोपी गांजा, एमडीएमए, विदेशी गांजा (ओजी), एलएसडी, नशे की गोलियां, अफीम और कफ सिरप जैसे नशीले पदार्थों की बिक्री में शामिल थे।

पुलिस जांच में यह भी पाया गया है कि ओडिशा, महाराष्ट्र, दिल्ली, पंजाब-हरियाणा सहित कई राज्यों से ड्रग्स रायपुर लाकर बेचे जा रहे थे। साथ ही होटलों, पब्स और फार्महाउस में होने वाली प्राइवेट पार्टियों में कोडवर्ड के जरिए ड्रग्स सप्लाई की जा रही थी।

पुलिस ने साफ किया है कि नेटवर्क से जुड़े अन्य सप्लायर और खरीदारों की पहचान कर जल्द कार्रवाई की जाएगी।

Related posts

दीक्षांत समारोह में शामिल होने रायपुर पहुंचे भारत के मुख्य न्यायाधीश, मुख्यमंत्री ने किया पारंपरिक स्वागत

admin

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटाया काफिला, अब सिर्फ 8 गाड़ियों के साथ चलेंगे

admin

होली से पहले गन्ना किसानों को बड़ी सौगात, 4.73 करोड़ जारी; 14 हजार से अधिक किसानों को मिला भुगतान

admin

Leave a Comment