24.2 C
Raipur
July 21, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

रायपुर की पुरानी बस्ती में दो गुटों का खूनी संघर्ष, चाकूबाजी और जमकर मारपीट से फैली दहशत

रायपुर। शहर की पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र में रविवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब मामूली विवाद ने दो गुटों के बीच हिंसक झगड़े का रूप ले लिया। पहाड़ी तालाब गार्डन के पास हुए इस घटनाक्रम में दोनों पक्षों के युवकों ने एक-दूसरे पर चाकू, पत्थर, बेल्ट और डंडों से हमला कर दिया। झगड़ा इतना उग्र हो गया कि इलाके में करीब आधे घंटे तक दहशत का माहौल बना रहा।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विवाद के बाद दोनों गुटों के युवक सरेआम दौड़-दौड़कर एक-दूसरे को पीटते नजर आए। इसी दौरान एक युवक अपने भाई पर हुए हमले का बदला लेने के लिए हाथ में चाकू लेकर इलाके में खुलेआम घूमता रहा और गाली-गलौज करता रहा। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई, जिसमें युवक को चाकू लहराते और दहशत फैलाते साफ देखा जा सकता है।

घटना के बाद मौके पर खून के निशान, पत्थर, बेल्ट और फटे कपड़े बिखरे मिले। झगड़े में कई युवक घायल हुए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के मुताबिक, एक युवक के पेट में गंभीर चोट आई है, जिसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। वारदात के बाद आसपास के दुकानदारों ने एहतियातन अपने-अपने शटर बंद कर लिए, जिससे क्षेत्र में कुछ समय के लिए सन्नाटा पसर गया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पार्षद ने पुलिस को जानकारी दी। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस के मौके पर पहुंचने में देरी हुई, जिसके चलते बदमाशों के हौसले और बुलंद हो गए। बताया जा रहा है कि पुलिस के पहुंचने से पहले दोनों गुटों के युवक काफी देर तक इलाके में उत्पात मचाते रहे।

पुलिस ने मामले में शिकायत के आधार पर खेमकरण ध्रुव उर्फ फाइटर और दो अन्य आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। आरोप है कि इन्होंने विकास यादव और छविराम मरकाम पर चाकू से हमला किया। फिलहाल, सभी आरोपी फरार बताए जा रहे हैं। पुरानी बस्ती थाना पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालकर झगड़े में शामिल अन्य युवकों की पहचान करने में जुटी है।

स्थानीय पार्षद सरिता आकाश दुबे ने बताया कि इस क्षेत्र में शाम के समय असामाजिक तत्वों का जमावड़ा आम बात हो गई है। पुलिस पेट्रोलिंग की कमी के कारण बदमाशों के हौसले बढ़े हुए हैं। उन्होंने कहा कि वार्डवासियों की सुरक्षा को लेकर जल्द ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से शिकायत की जाएगी, ताकि इलाके में कानून-व्यवस्था मजबूत की जा सके।

इस घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल है और स्थानीय निवासियों ने पुलिस से इलाके में नियमित गश्त और सख्त कार्रवाई की मांग की है।

Related posts

शातिर चोरों का सरिया सिंडिकेट: रायपुर में लोहा दुकान से चोरी, ब्यारे में बना रखा था माल का ठिकाना

admin

कर्ज और तनाव से परेशान महिला की मौत

admin

शराब पीकर स्कूल आने वाले शिक्षकों पर सख्ती कक्षा में नशे की हालत में पाए गए तो होगी FIR, नौकरी से भी हाथ धोना पड़ सकता है; शिक्षा विभाग ने जारी किए निर्देश

admin

Leave a Comment