22.6 C
Raipur
October 22, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ बंद के दौरान रायपुर के मैग्नेटो मॉल में तोड़फोड़, बलवा की धाराओं में FIR; कई संदिग्ध हिरासत में

छत्तीसगढ़ बंद के दौरान 24 दिसंबर को रायपुर स्थित मैग्नेटो मॉल में हुई तोड़फोड़ और हंगामे की घटना ने राजधानी में कानून-व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। क्रिसमस से एक दिन पहले हुई इस घटना के दौरान मॉल परिसर में अचानक अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारी और सीमित संख्या में मौजूद लोग भयभीत हो गए।

जानकारी के अनुसार, बंद के दौरान 30 से 40 लोगों का एक समूह मैग्नेटो मॉल के भीतर जबरन घुस आया। आरोप है कि उनके हाथों में लाठी-डंडे और हॉकी स्टिक थे। मॉल में घुसने के बाद कथित तौर पर दुकानों के बाहर तोड़फोड़ की गई और मौजूद कर्मचारियों व लोगों से पहचान से जुड़े सवाल पूछे गए। इस पूरी घटना से मॉल स्टाफ और सुरक्षा कर्मियों में दहशत फैल गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बलवा, सार्वजनिक संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और शांति भंग करने से संबंधित धाराओं में FIR दर्ज की। शुक्रवार देर रात पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए करीब एक दर्जन से अधिक संदिग्धों को हिरासत में लिया है, हालांकि हिरासत में लिए गए लोगों की सटीक संख्या को लेकर पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पुलिस कार्रवाई के विरोध में कुछ संगठनों ने सिविल लाइन थाना पहुंचकर सामूहिक गिरफ्तारी देने की घोषणा की है। इसे देखते हुए रायपुर पुलिस ने एहतियातन थाना परिसर और आसपास के इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने की तैयारी की है। प्रशासन का कहना है कि किसी भी तरह की अव्यवस्था या तनाव की स्थिति से निपटने के लिए सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जा रहे हैं।

मैग्नेटो मॉल प्रबंधन की ओर से बताया गया कि बंद के दौरान मॉल पूरी तरह बंद था और प्रबंधन ने बंद का समर्थन भी किया था। इसके बावजूद जबरन मॉल में घुसकर तोड़फोड़ की गई, जिससे कर्मचारियों में डर का माहौल है। प्रबंधन ने प्रशासन से घटना में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की जांच जारी है और मॉल में लगे CCTV कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। फुटेज के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने साफ किया है कि कानून-व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ निष्पक्ष और सख्त कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की तैनाती बढ़ा दी गई है और हालात पर लगातार नजर रखी जा रही है।

Related posts

रोड रेज में कारोबारी पर जानलेवा हमला, पत्नी के सामने चाकू मारने वाले 3 आरोपी गिरफ्तार

admin

छत्तीसगढ़ के कबीरधाम जिले में 41 आदिवासी परिवारों के 125 सदस्यों ने फिर से हिंदू धर्म अपनाया ।

admin

कथावाचक से राजनीति तक: धीरेंद्र शास्त्री के बयान पर छत्तीसगढ़ में सियासी संग्राम, बघेल–सीएम आमने-सामने

admin

Leave a Comment