28.1 C
Raipur
September 4, 2026
The Defence
छत्तीसगढ़

रायपुर के रामावार्ड में युवक की संदिग्ध मौत, पुलिस एक्सीडेंट की आशंका पर जांच में जुटी

रायपुर के रामावार्ड इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मंगलवार सुबह कॉलोनी क्षेत्र में युवक का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही विधानसभा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस एक्सीडेंट से मौत की आशंका जता रही है, हालांकि अंतिम स्थिति पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान शुभम राणा (25 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से देवघर, झारखंड का निवासी था। वह रोज़गार के सिलसिले में रायपुर आया हुआ था और रामावार्ड स्थित स्वर्णभूमि कॉलोनी के पास एक निर्माणाधीन मकान में कारपेंटर का काम कर रहा था। शुभम अन्य मजदूरों के साथ वहीं रह रहा था।

जानकारी के मुताबिक शुभम सोमवार रात करीब 11 बजे कमरे से बाहर निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। अगले दिन सुबह जब साथ काम करने वाले मजदूरों ने उसकी तलाश की तो निर्माणाधीन मकान के पास उसका शव पड़ा मिला। शव पर विशेषकर पैर में गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे हादसे की आशंका जताई जा रही है।

घटना की खबर मिलते ही मृतक के परिजन झारखंड से रायपुर पहुंचे। परिजनों का कहना है कि शुभम का किसी से कोई विवाद नहीं था और उन्हें उसकी मौत स्वाभाविक नहीं लग रही। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की है।

पुलिस का कहना है कि घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इसके साथ ही शुभम के साथ काम करने वाले साथियों से भी पूछताछ की जा रही है, ताकि यह स्पष्ट किया जा सके कि युवक किन परिस्थितियों में घटनास्थल तक पहुंचा और मौत कैसे हुई। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।

Related posts

सुकमा-दंतेवाड़ा बॉर्डर पर IED धमाका: नक्सलियों के जाल में फंसे CRPF जवान, एयरलिफ्ट कर रायपुर भेजा गया; जंगल में चल रहा था सर्च ऑपरेशन

admin

नियमितीकरण और वेतन वृद्धि की मांग को लेकर संविदा शिक्षकों का अल्टीमेटम, समाधान न हुआ तो होगा आंदोलन

admin

छत्तीसगढ़ में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 11 IAS अधिकारियों का तबादला, 6 जिलों के कलेक्टर बदले

admin

Leave a Comment